चीनी का उत्पादन अगले सीजन में कम होने की संभावना
09-Jun-2026 01:16 PM
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्तर पर भले ही गन्ना का क्षेत्रफल ज्यादा न घटे मगर बारिश का अभाव होने पर इसकी औसत उपज दर तथा चीनी की औसत रिकवरी दर में भारी गिरावट की आशंका बनी रहेगी। इससे कुल उत्पादन घट सकता है।
चीनी का घरेलू उत्पादन 2024-25 सीजन के 261 लाख टन से करीब 15 लाख टन बढ़कर 2025-26 के मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) में 276 लाख टन के करीब पहुंचने का अनुमान है जबकि 2026-27 के सीजन में एक बार फिर इसमें गिरावट आने की आशंका है। इसे देखते हुए चीनी के निर्यात पर रोक लगा दी गई है।
उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक गन्ना के तीन शीर्ष उत्पादक राज्य हैं। इसके अलावा गुजरात, तमिलनाडु, बिहार, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना जैसे राज्यों में भी गन्ना की अच्छी पैदावार होती है।
2025-26 सीजन के दौरान केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने 50 करोड़ टन गन्ना का उत्पादन आंका मगर चीनी, गुड़-खांडसारी एवं एथनॉल उत्पादन की स्थिति से यह आंकड़ा मेल नहीं खाता है।
