कनाडा में दलहन फसलों की बिजाई में अच्छी प्रगति
09-Jun-2026 04:35 PM
ओटावा। कनाडा में मटर और मसूर का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है और वह इसका प्रमुख निर्यातक देश भी है। इसके अलावा वहां काबुली चना का भी अच्छा उत्पादन होता है। कनाडा में दलहन फसलों का सर्वाधिक उत्पादन सस्कैचवान प्रान्त में होता है जबकि अल्बर्टा तथा मनिटोबा इसके दो अन्य महत्वपूर्ण उत्पादक राज्य हैं।
मौसम की हालत पूरी तरह अनुकूल नहीं होने से इस बार कनाडा में दलहनों की बिजाई देर से शुरू हुई लेकिन जल्दी ही इसकी रफ्तार बढ़ने लगी। सस्कैचवान प्रान्त में 90 प्रतिशत से अधिक चिन्हित क्षेत्र में मसूर एवं मटर की बिजाई पहले ही पूरी हो चुकी है। उत्तरी एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र में कुछ बिजाई काफी है और किसान इसे पूरा करने का प्रयास कर रहे है।
अल्बर्टा एवं मनिटोबा प्रान्त में मौसम एवं वर्षा की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है। उम्मीद की जा रही है कि जून के तीसरे सप्ताह तक दलहनों की बिजाई प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी। 30 जून को सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन की रिपोर्ट आने वाली है और तब कनाडा में दलहन फसलों के उत्पादन क्षेत्र की तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी।
