खाद्य तेलों के संशोधित पैक साइज नियम का दूरगामी असर पड़ेगा

09-Jun-2026 04:03 PM

मुम्बई। स्वदेशी वनस्पति तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के एक अग्रणी संगठन- सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) ने कहा है कि खाद्य तेलों के लिए पैक साइज के नियम में हुए संशोधन का उद्योग तथा बाजार पर व्यापक, गहरा और दूरगामी प्रभाव पड़ेगा तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं पारदर्शिता का माहौल बनने से आम उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी। यह संशोधित नियम 'उपभोक्ता प्रथम' के लिए ऐसा प्रयास है जिससे दुविधा या असमंजस को दूर करने तथा सम्पूर्ण खाद्य तेल मूल्य श्रृंखला के प्रति विश्वास को मजबूत करने में सहायता मिलेगी। 

'सी' के अध्यक्ष का कहना है कि खाद्य तेलों की पैकेजिंग एवं लेबलिंग के लिए सरकार में स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) में जो संशोधन- परिवर्तन किया है उसका सकारात्मक परिणाम शीघ्र ही सामने आने लगेगा। इस नए निर्णय के लिए केन्द्र सरकार और खासकर उपभोक्ता मामले विभाग को धन्यवाद दिया जाना चाहिए। उद्योग लम्बे समय से इसकी मांग कर रहा था जिसे अब स्वीकार किया गया है। 

अध्यक्ष के मुताबिक प्रथम दृष्टि (पहली नजर) में तो यह निर्णय महज एक पैकेजिंग बदलाव प्रतीत होता है लेकिन हकीकत में इसका खाद्य तेल बाजार और कारोबार पर बहुत गहरा असर पड़ सकता है। 

एसोसिएशन के कार्यकारी निदेशक का कहना है कि यह नया नियम सरकार और उद्योग के लिए रचनात्मक सहयोग का एक बेहतरीन उदाहरण है। इससे यह भी साबित हो गया है कि यदि किसी कॉमन उद्देश्य के साथ सभी सम्बद्ध पक्ष एक मंच पर साथ आ जाएं तो सार्थक एवं सकारात्मक सुधार को हासिल किया जा सकता है।