मई में महंगाई दर बढ़कर 4 प्रतिशत पर पहुंचने का अनुमान

09-Jun-2026 08:42 PM

नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मध्यावधि खुदरा महंगाई का लक्ष्य 4 प्रतिशत निर्धारित कर रखा है जबकि मई 2026 में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) पर आधारित महंगाई की दर इस लक्ष्य पर पहुंच जाने का अनुमान है।

प्रमुख अर्थ शास्त्रियों का कहना है कि घरेलू एवं वैश्विक कारकों की वजह से मई में महंगाई की दर ऊंची हो गई। पेट्रोल, डीजल तथा खाद्य पदार्थों का दाम बढ़ने से खुदरा महंगाई का ग्राफ ऊंचा हो गया। 

पेट्रोल के दाम में कुल मिलाकर 7.35 रुपए प्रति लीटर तथा डीजल के मूल्य में 7.53 रुपए प्रति लीटर का इजाफा होने से वस्तुओं की ढुलाई का खर्च बढ़ गया। दिलचस्प तथ्य यह है कि थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यू पी आई) पर आधारित महंगाई की दर अप्रैल में उछलकर 8.30 प्रतिशत पर पहुंची थी जो पिछले 42 माह में सबसे ऊंची रही।

इसके मुकाबले खुदरा महंगाई दर में महज 3.48 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। मई 2025 में यह 3,03 प्रतिशत थी मगर मई 2026 में बढ़कर 16 माह के उच्च स्तर पर पहुंच जाने की संभावना है। खाद्य तेल एवं टमाटर के दाम में भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।