सस्कैचवान प्रान्त में अधिकांश फसलों की बिजाई अंतिम चरण में पहुंची

08-Jun-2026 08:14 PM

सस्काटून। कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान में विभिन्न फसलों की बिजाई अब अंतिम दौर में पहुंच गई है। खराब मौसम के कारण इस बार बिजाई देर से शुरू हुई और अब भी कुछ क्षेत्रों में स्थिति पूरी तरह अनुकूल नहीं है जिसमें उत्तरी एवं पूर्वोत्तर भाग भी शामिल है। 

राज्य कृषि विभाग की नवीनतम साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार 26 मई से 1 जून वाले सप्ताह तक सस्कैचवान प्रान्त में कुल चिन्हित क्षेत्रफल के सापेक्ष 90 प्रतिशत में ड्यूरम गेहूं, 85 प्रतिशत में बसंतकालीन गेहूं, 77 प्रतिशत में ज्वार, 66 प्रतिशत में ट्रिटीकेल, 64 प्रतिशत कैनेरी सीड तथा 63 प्रतिशत में जई (ओट्स) की बिजाई पूरी हो चुकी थी। उपरोक्त फसलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

जहां तक दलहन फसलों की बात है तो सस्कैचवान प्रान्त में 1 जून 2026 तक 96 प्रतिशत मटर, 94 प्रतिशत मसूर तथा 78 प्रतिशत चना (काबुली सहित) की बिजाई समाप्त हो गई थी। लेकिन तिलहन फसलों में 69 प्रतिशत क्षेत्र में सरसों 71 प्रतिशत में अलसी तथा 73 प्रतिशत क्षेत्र में कैनोला की बिजाई संभव हो सकी है। 

उपरोक्त आंकड़ों से स्पष्ट संकेत मिलता है कि गेहूं, मटर एवं मसूर की बिजाई अब लगभग पूरी हो चुकी है या शीघ्र ही समाप्त हो सकती है। अन्य फसलों की बिजाई 50 से 80 प्रतिशत के बीच हुई है और नियत लक्ष्य तक पहुंचने में उसे समय लगेगा। मक्का और सोयाबीन की खेती कुछ देर से शुरू होती है। 

सस्कैचवान प्रान्त के दक्षिण-पश्चिम भाग में सर्वाधिक 91 प्रतिशत क्षेत्र में फसलों की बिजाई पूरी हो चुकी है जबकि पश्चिमी क्षेत्र में 90 प्रतिशत, दक्षिण-पूर्वी भाग में 87 प्रतिशत तथा पश्चिमोत्तर इलाके में 86 प्रतिशत बिजाई समाप्त होने की सूचना है। यद्यपि हाल के दिनों में पूर्वोत्तर क्षेत्र तथा पूर्व-मध्यवर्ती क्षेत्र में बिजाई में अच्छी प्रगति हुई है लेकिन फिर भी वहां केवल क्रमश: 67 प्रतिशत एवं 63 प्रतिशत भाग में ही बिजाई संभव हो सकी है। बिजाई की प्रक्रिया सभी क्षेत्रों में जारी है।