देसी एवं काबुली चना का कारोबार बेहतर- मटर में मांग कमजोर
08-Jun-2026 08:17 PM
टोरंटो। वैश्विक बाजार में पिछले सप्ताह के दौरान छोटे दाने वाले काबुली चना एवं देसी चना की खरीद-बिक्री की स्थिति संतोषजनक रही जिससे कीमतों में भारी उठा पटक नहीं देखी गई। कनाडा एवं ऑस्ट्रेलिया सहित कुछ अन्य देशों में चना की बिजाई अभी जारी है। कनाडा में बिजाई की गति सुस्त तथा ऑस्ट्रेलिया में काफी धीमी है।
कनाडा की सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन तथा अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) की अगली रिपोर्ट में चना की बिजाई की मोटी तस्वीर सामने आ सकती है। स्टैट्स कैन की आगामी रिपोर्ट में 30 जून तक की बिजाई का अनुमानित आंकड़ा प्रस्तुत किया जा सकता है। दरअसल इस बार ऑस्ट्रेलिया में चना के बिजाई क्षेत्र एवं उत्पादन में जोरदार गिरावट आने की आशंका व्यक्त की जा रही है जिससे बाजार पर दबाव घट गया है।
जहां तक मटर का सवाल है तो इसमें कारोबार सुस्त पड़ गया है और खरीदारों का ध्यान आगामी नई फसल पर केन्द्रित हो गया है। चीन में रूस एवं कनाडा से मटर का आयात हो रहा है। भारत में चना और पीली मटर के आयात की गति धीमी है। कनाडा और अमरीका में मटर की बिजाई जल्दी ही समाप्त होने वाली है। कनाडा में 95 प्रतिशत एवं अमरीका में 82 प्रतिशत बिजाई पूरी हुई है।
