महाराष्ट्र में तुवर, का उत्पादन 40 प्रतिशत तक घटने की आशंका

29-Oct-2025 12:05 PM

पुणे। खरीफ सीजन की सबसे प्रमुख दलहन फसल- अरहर (तुवर) के एक अग्रणी उत्पादक राज्य- महाराष्ट्र में अधिशेष वर्षा, खेतों में जल जमाव एवं भयंकर बाढ़ से फसल को हुए

जबरदस्त नुकसान को देखते हुए इसके उत्पादन में 40 प्रतिशत तक की जोरदार गिरावट आने की आशंका व्यक्त की जा रही है।  उत्पादकों एवं जिला कृषि अधिकारियों का कहना है कि प्राकृतिक आपदाओं से तुवर की फसल को भारी क्षति हुई है। 

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार महाराष्ट्र जैसे शीर्ष उत्पादक राज्य में उत्पादन घटने से घरेलू प्रभाग में तुवर की आपूर्ति एवं उपलब्धत में कमी आने की संभावना है और आगामी महीनों में इस महत्वपूर्ण दलहन की आवक में बाधा पड़ सकती है

लेकिन म्यांमार और अफ्रीकी देशों- खासकर तंजानिया, मोजाम्बिक एवं मलावी से नियमित आयात जारी रहने के कारण घरेलू मांग एवं जरूरत को पूरा करने में ज्यादा कठिनाई नहीं होगी।

अफ्रीकी देशों में तुवर का औसत निर्यात ऑफर मूल्य 550 डॉलर (48,500 रुपए) प्रति टन के आसपास चल रहा है। इससे भारत में सस्ती तुवर का आयात बढ़ने की उम्मीद है। 

सरकार ने अरहर का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाकर 80,000 रुपए प्रति टन निर्धारित कर दिया है जबकि विदेशों से आयात इससे बहुत कम दाम पर हो रहा है।

31 मार्च 2026 तक तुवर के आयात पर कोई शुल्क या मात्रात्मक नियंत्रण नहीं लगेगा इसलिए भारतीय आयातक इसे अपनी मर्जी के मुताबिक मंगाने के लिए स्वतंत्र है। तंजानिया में इस वर्ष तुवर का शानदार उत्पादन हुआ है और वह भारत में इसका निर्यात बढ़ाने का जोरदार प्रयास कर रहा है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 2024-25 के मार्केटिंग सीजन के दौरान भारत में कुल 35.61 लाख टन तुवर का उत्पादन हुआ था जिसमें महाराष्ट्र की भागीदारी सबसे अधिक 13.25 लाख टन आंकी गई थी।

इस वर्ष वहां अरहर का बिजाई क्षेत्र पिछले साल के लगभग बराबर ही रहा मगर फसल की हालत संतोषजनक नहीं बताई जा रही है। राष्ट्रीय स्तर पर अरहर का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 46.45 लाख हेक्टेयर से सुधरकर इस बार 46.60 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा

और महाराष्ट्र में भी यह 11.60 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 11.89 लाख हेक्टेयर हो गया। देश में 90 प्रतिशत से अधिक तुवर का उत्पादन महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, झारखंड, तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश में होता है।