Home News
13-Nov-2026 12:30 PM
नई दिल्ली। प्याज, लहसुन, चीनी एवं खाद्य तेल सहित कुछ अन्य उत्पादों का दाम बढ़ने से अक्टूबर 2026 में खाद्य महंगाई की दर उछलकर 8.94 प्रतिशत पर पहुंच गई। त्यौहारी सीजन के कारण खाद्य उत्पादों की मांग एवं खपत में इजाफा हुआ जबकि मानसून की बारिश कम होने से खरीफ फसलों का उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बनी रही। बाजार पर इसका मनोवैज्ञानिक असर पड़ा। अनेक खाद्य उत्पादों का दाम अब भी ऊंचे स्तर पर बरकरार है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार संशोधित उपभोक्ता खाद्य मूल्य सूचकांक सितम्बर की तुलना में 0.94 प्रतिशत एवं अक्टूबर 2025 के मुकाबले 8.94 प्रतिशत ऊंचा रहा। सितम्बर 2026 में खाद्य महंगाई दर 7.74 प्रतिशत दर्ज की गई थी। उल्लेखनीय है कि जून से दिसम्बर 2025 के सात महीनों में खाद्य महंगाई दर ऋणात्मक जोन में रही थी।
जनवरी 2026 में खाद्य महंगाई दर 2.13 प्रतिशत रही थी जब सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय ने उपभोक्ता मूल्य सूचकांक को निर्धारित करने के लिए 2024 को आधार वर्ष घोषित किया था। इससे पूर्व नवम्बर 2024 में खाद्य महंगाई की दर 9.04 प्रतिशत के शीर्ष स्तर पर पहुंची थी।
समीक्षाधीन माह के दौरान चीनी के दाम में 26.94 प्रतिशत तथा सरसों तेल के मूल्य में 9.82 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई। इसी तरह प्याज का भाव 116.22 प्रतिशत, लहसुन का 60.74 प्रतिशत तथा अदरक (सौंठ) का 48.32 प्रतिशत उछल गया। ये ऐसे खाद्य उत्पाद है जिसकी कीमतों में जोरदार इजाफा हुआ जबकि कुछ अन्य उत्पादों के दाम में भी थोड़ी-बहुत वृद्धि दर्ज की गई।