अमरिका में दलहन फसलों का बिजाई क्षेत्र घटने की संभावना
06-Apr-2026 12:29 PM
वाशिंगटन। अमरीका में मटर, मसूर (मुख्यतः हरी) एवं काबुली चना जैसे दलहनों की बिजाई अगले कुछ दिनों में आरंभ होने वाली है।
इस बीच अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने बिजाई के प्रति किसानों की धारणा (मीलिंग इंटेंशन) से सम्बन्धित जो रिपोर्ट जारी की है उससे इन तीनों दलहनों के रकबे में गिरावट आने के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं।
उस्डा की रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष के दौरान अमरीका में मटर का उत्पादन क्षेत्र 12.00 लाख एकड़ से फिसलकर 11.90 लाख एकड़, हरी मसूर का बिजाई क्षेत्र 11.00 लाख एकड़ से लुढ़ककर 8.54 लाख एकड़ तथा काबुली चना का क्षेत्रफल 5.73 लाख एकड़ से 13 प्रतिशत घटकर 5.01 लाख एकड़ रह जाने की संभावना है।
उस्डा का कहना है कि उपज दर सामान्य औसत पर स्थिर रही तो अमरीका में समीक्षाधीन वर्ष के दौरान हरी मसूर का उत्पादन 4.92 लाख टन से घटकर 3.37 लाख टन पर सिमट सकता है।
जहां तक मटर का सवाल है तो इनपुट खर्च ऊंचा होने के बावजूद किसान इसके बिजाई क्षेत्र में ज्यादा कटौती नहीं करना चाहेंगे क्योंकि उन्हें भविष्य में इस दलहन से अच्छी वापसी हासिल होने की आशा है,
हरी मसूर की मांग सुस्त होने से कीमतों पर दबाव देखा जा रहा है जिससे अमरीकी किसान काफी चिंतित हैं। कनाडा में दलहनों का विशाल स्टॉक मौजूद है इसलिए बिजाई के प्रति किसान असमंजस में फंसे हुए हैं।
