अनेक राज्यों में मानसून हुआ सक्रिय - भारी बारिश की चेतावनी
20-Jul-2026 04:51 PM
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून पिछले सप्ताह सुस्त एवं निष्क्रिय रहने के बाद अब गतिशील एवं सक्रिय हो गया है जिससे देश के अनेक राज्यों में जोरदार बारिश का नया दौर आरंभ हो गया है।
पूर्वी भारत में बिहार सहित अन्य समीपवर्ती राज्यों में मूसलाधार बारिश हो रही है जिससे जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है लेकिन धान की रोपाई के लिए स्थिति अनुकूल हो गई है। उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, उड़ीसा एवं आसाम जैसे राज्यों में अत्यन्त विशाल क्षेत्रफल में धान की खेती होती है। वर्षा की कमी से इसका रकबा पिछड़ रहा था।
मौसम विभाग के मुताबिक नए चरण में मानसून काफी गतिशील और ताकतवर रहेगा जिससे राजस्थान से होकर बंगाल तक तथा जम्मू कश्मीर से लेकर कर्नाटक तक अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं विदर्भ में भी वर्षा की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा होने के संकेत मिल रहे हैं। दक्षिण भारत में छिटपुट बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। इसी तरह पश्चिमोत्तर भारत में भी दूर-दूर तक जोरदार बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।
सभी राज्यों में वर्षा की वजह से खरीफ फसलों की बिजाई की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है जिससे कुल क्षेत्रफल में आई भारी कमी का अंतर घट जाने की संभावना है। दक्षिणी प्रायद्वीप में कर्नाटक केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश एवं तमिलनाडु में तेज हवा एवं गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।
