अर्जेन्टीना और ब्रजील से नेपाल के मार्ग से आ रहा है सस्ता खाद्य तेल
24-Dec-2024 08:39 PM
बरेली । ऐसी जानकारी मिल रही है कि भारत में ऊंचे सीमा शुल्क के कारण खाद्य तेलों का वैधानिक आयात महंगा हो जाने से इसका घरेलू बाजार भाव ऊंचा हो गया था जिसे देखते हुए नेपाल ने अर्जेन्टीना एवं ब्रजील से सोयाबीन तेल एवं सूरजमुखी का आयात बढ़ाकर भारतीय बाजार में उसे अपेक्षाकृत सस्ते दाम पर बेचना शुरू कर दिया।
इससे आम उपभोक्ताओं को तो थोड़ी राहत मिल रही है मगर उद्यमियों को नुकसान हो रहा है। नेपाल में निर्यात के लिए कोई देश सीमा शुल्क नहीं लगाता है जिसका वहां फायदा उठाया जा रहा है।
नेपाल भारत का उत्तरी पड़ोसी राज्य है और दोनों देशों की सीमा काफी दूर तक आपस में मिलती है। इससे नेपाली सामान सड़क मार्ग से भारतीय बाजार में आसानी से पहुंच जाता है।
नेपाल से आ रहे खाद्य तेल के कारण स्थानीय बाजार में रिफाइंड तेल के खुदरा मूल्य में 10-15 रुपए प्रति किलो तथा थोक मूल्य में 150 रुपए प्रति टिन (15 किलो) तक की नरमी आ गई है।
भारत सरकार ने कुछ माह पूर्व क्रूड एवं रिफाइंड श्रेणी के खाद्य तेलों पर आयात शुल्क में 20 प्रतिशत का इजाफा कर दिया था। इंडोनेशिया- मलेशिया में भी पाम तेल पर निर्यात शुल्क बढ़ाया गया है।
स्थानीय बाजार में रिफाइंड तेल का भाव 150 रुपए प्रति किलो से ऊपर पहुंच गया था जिसमे अब 10-15 रुपए की कमी आ गई है।
इसी तरह टिन पर भी इसका दाम 150-170 रुपए तक घट गया है। सोया रिफाइंड ते का दाम (खुदरा मूल्य) घटकर 150 रुपए प्रति लीटर एवं थोक भाव 138 रुपए प्रति लीटर पर आ गया है
जबकि पहले यह क्रमश: 160-165 रुपए प्रति लीटर एवं 150 रुपए प्रति लीटर चल रहा था। सरसों तेल का थोक भाव 150 रुपए प्रति लीटर तथा खुदरा मूल्य 170 रुपए प्रति लीटर पर स्थिर बना हुआ है।
