अतिरिक्त बोनस के सहारे मध्य प्रदेश में गेहूं की शानदार खरीद
05-May-2025 10:50 AM
भोपाल। गेहूं के एक अग्रणी उत्पादक राज्य- मध्य प्रदेश में चालू रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न की सरकारी खरीद में पिछले साल के मुकाबले जबरदस्त बढ़ोत्तरी देखी जा रही है।
दरअसल राज्य सरकार ने इस बार गेहूं के उत्पादकों को सरकारी एजेंसियों को अपने उत्पाद की बिक्री पर 175 रुपए प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देने की घोषणा की है जो केन्द्र द्वारा निर्धारित गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2425 रुपए प्रति क्विंटल से अलग है। इस तरह मध्य प्रदेश के किसानों को 2600 रुपए प्रति क्विंटल का मूल्य प्राप्त हो रहा है।
मध्य प्रदेश सरकार के आंकड़ों से पता चलता है कि वर्तमान रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान राज्य में 7.81 लाख से अधिक किसानों से करीब 67.93 लाख टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है और इसके एवज में उत्पादकों को 6000 करोड़ (60 अरब) रुपए का भुगतान भी किया गया है। यह भुगतान सीधे किसानों के बैंक खाते में किया गया है।
मध्य प्रदेश के सभी जिलों में गेहूं की सरकारी खरीद हुई है। सबसे ज्यादा 6.49 लाख टन की खरीद उज्जैन जिले में हुई है। इसके बाद सीहोर में 6.26 लाख टन, विदिशा में 5.38 लाख टन, रायसेन में 5.25 लाख टन, शाजापुर में 3.55 लाख टन, राजगढ़ में 3.53 लाख,
नर्मदापुरम में 3.43 लाख, भोपाल में 3.23 लाख, देवास में 2.82 लाख, सागर में 2.70 लाख, इंदौर में 2.46 लाख, सिवनी में 2.03 लाख, आगर-मालवा में 1.81 लाख, मंदसौर में 1.65 लाख,
सतना में 1.36 लाख, हरदा में 1.27 लाख, धार में 1.22 लाख, दमोह में 1.10 लाख तथा रतलाम में 1.02 लाख टन गेहूं की सरकारी खरीद हुई जबकि शेष जिलों में से प्रत्येक में एक लाख टन से कम गेहूं खरीदा गया। सबसे कम 77 टन गेहूं की खरीद पाढुर्णा में हुई जबकि अनुपपुर में 832 टन गेहूं खरीदा गया।
