Home News
23-Nov-2026 04:20 PM
नई दिल्ली। आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति जटिल होने तथा मांग मजबूत रहने से प्रमुख कृषि उत्पादों का थोक मंडी भाव पिछले कुछ महीनों से सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से ऊंचा चल रहा है। इसमें गेहूं, चना, उड़द, तुवर, जौ, मक्का, ज्वार (हाइब्रिड), सरसों, सोयाबीन, मूंगफली एवं तिल आदि शामिल हैं। दूसरी ओर मूंग, मसूर एवं बाजरा का दाम एमएसपी से पीछे चल रहा है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 21 नवम्बर 2026 को गेहूं का भाव बुलन्दशहर (यूपी) में 2850 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया जो 2585 रुपए प्रति क्विंटल (अगले मार्केटिंग सीजन के लिए 2610 रुपए प्रति क्विंटल) के एमएसपी से काफी ऊंचा रहा। अन्य थोक मंडियों में भी गेहूं का दाम ऊंचे स्तर पर दर्ज किया गया।
दलहनों के संवर्ग में चना का एमएसपी 5950 रुपए प्रति क्विंटल, उड़द का 8200 रुपए, तुवर का 8450 रुपए, मूंग का 8780 रुपए तथा मसूर का एमएसपी 7390 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित हुआ है। इसके सापेक्ष चना का दाम कटनी (एमपी) में 7475 रुपए प्रति क्विंटल, उड़द का दाम लातूर (महाराष्ट्र) में 9900 रुपए प्रति क्विंटल तथा इसी मंडी में तुवर का मूल्य 10,500 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। दूसरी ओर मूंग की कीमत मेड़ता सिटी (राजस्थान) में 8400 रुपए प्रति क्विंटल मसूर की कीमत इंदौर (एमपी) में 6100 रुपए प्रति क्विंटल रही।
मोटे अनाजों के संवर्ग में जौ का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2286 रुपए प्रति क्विंटल, मक्का का 2410 रुपए, ज्वार (हाइब्रिड) का 4023 रुपए तथा बाजरा का 2900 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। थोक मंडी भाव जौ का जयपुर (राजस्थान) में 3200 रुपए प्रति क्विंटल, मक्का का गुलाब बाग (बिहार) 2940 रुपए तथा ज्वार हाइब्रिड का जालना (महाराष्ट्र) में 8200 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। केवल बाजरा की कीमत जयपुर (राजस्थान) में 2600 रुपए प्रति क्विंटल रही जो एमएसपी से 300 रुपए प्रति क्विंटल नीचे थी।
प्रमुख तिलहनों में सरसों का एमएसपी 6213 रुपए प्रति क्विंटल, तिल का 10,346 रुपए, मूंगफली का 7517 रुपए तथा सोयाबीन का एमएसपी 5708 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया गया है जबकि थोक मंडी भाव सरसों का भरतपुर (राजस्थान) में 10,121 रुपए प्रति क्विंटल, तिल का राजकोट (गुजरात) में 17,500 रुपए, मूंगफली का बीकानेर में 8000 रुपए तथा सोयाबीन का भाव अमरावती (महाराष्ट्र) में 7750 रुपए प्रति क्विंटल के उच्च स्तर पर मौजूद रहा।