बाढ़-वर्षा से फसल को हुए नुकसान के कारण तुवर के उत्पादन में गिरावट आने की आशंका
10-Nov-2025 06:07 PM
मुम्बई। देश के कई भागों में अधिशेष वर्षा एवं भयंकर बाढ़ से फसल को हुए नुकसान के कारण इस वर्ष खरीफ कालीन दलहनों के उत्पादन में गिरावट आने की संभावना है।
इसके तहत सबसे प्रमुख दलहन-अरहर (तुवर) का उत्पादन घटकर 30 से 34 लाख टन के बीच सिमट जाने की उम्मीद है जो पिछले सीजन के सरकारी उत्पादन अनुमान 35.60 लाख टन से 5 से 16 प्रतिशत तक कम है।
इसी तरह उड़द का उत्पादन गत वर्ष के 13 लाख टन से गिरकर इस बार 9 से 12 लाख टन के बीच तथा मूंग का उत्पादन 17.50 लाख टन से घटकर 10-15 लाख टन के बीच सिमट जाने का अनुमान है।
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के अंतिम आंकड़ों के अनुसार पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष खरीफ सीजन में तुवर का उत्पादन क्षेत्र 46.50 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 46.60 लाख हेक्टेयर तथा उड़द का बिजाई क्षेत्र करीब 7 प्रतिशत बढ़कर 24.40 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा जबकि मूंग का क्षेत्रफल 35 लाख हेक्टेयर से गिरकर 34.90 लाख हेक्टेयर पर अटक गया।
उपरोक्त आंकड़ों से पता चलता है कि इन तीनों दलहनों का बिजाई क्षेत्र गत वर्ष के काफी हद तक करीब रहा लेकिन दक्षिण-पश्चिम मानसून के अंतिम चरण में हुई जोरदार बारिश तथा इसके प्रभाव से खेतों में लम्बे समय तक पानी का जमाव रहने एवं कहीं-कहीं भयंकर बाढ़ का प्रकोप होने से दलहन फसलों को काफी क्षति हुई।
मानसून की वर्षा सामान्य औसत से 8 प्रतिशत अधिक हुई। इसी तरह अक्टूबर के पहले हाफ में भी कई क्षेत्रों में जोरदार बारिश दर्ज की गई।
यह वर्षा खरीफ कालीन दलहन फसलों के लिए घातक साबित हुई क्योंकि उड़द एवं मूंग की कटाई-तैयारी शुरू हो चुकी थी। 1 अक्टूबर से 6 नवम्बर 2025 के दौरान भारत में सामान्य से 44 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई।
ध्यान देने की बात है कि एक अग्रणी विश्लेषक ने 29 सितम्बर को 2025-26 के खरीफ मार्केटिंग सीजन में तुवर, उड़द एवं मूंग का सकल उत्पादन 64 लाख टन होने का अनुमान व्यक्त किया था
जो 2024-25 सीजन के उत्पादन 66.10 लाख टन से करीब 2 लाख टन कम था लेकिन अक्टूबर के प्रतिकूल मौसम को देखते हुए उसका कहना है कि उत्पादन के अनुमान में कुछ कटौती की जा सकती है।
विश्लेषक ने पहले तुवर का उत्पादन 35 लाख टन से घटकर 34 लाख टन, उड़द का उत्पादन 10.50 लाख टन से गिरकर 10 लाख टन एवं मूंग का उत्पादन 17.50 लाख टन से गिरकर 17 लाख टन रह जाने का अनुमान लगाया था।
