भारत के व्यापारिक प्रतिबंध से पाकिस्तान को अनेक वस्तुओं की आपूर्ति होगी प्रभावित
05-May-2025 11:41 AM
नई दिल्ली। भारत सरकार द्वारा पाकिस्तान से व्यापारिक रिश्ते को खत्म करने तथा निर्यात-आयात पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने से पाकिस्तान को जबरदस्त आर्थिक नुकसान होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व वर्ष 2019 में पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तानी उत्पादों पर 200 प्रतिशत का भारी-भरकम आयात शुल्क लगा दिया था जिससे पाकिस्तान से आयात तेजी से घटने लगा।
अप्रैल 2024 से जनवरी 2025 के दस महीनों में यह आयात घटकर महज 4.20 लाख डॉलर पर अटक गया और इसके बाद भी अत्यन्त सीमित हो रहा है।
केन्द्र सरकार ने एक अधिसूचना जारी करके पाकिस्तानी मूल के या पाकिस्तान से भारत में होने वाले सभी उत्पादों के आयात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लागू कर दिया है। इसके साथ ही पाकिस्तान से प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से समस्त आयात पर रोक लग गई।
भारतीय बंदरगाहों पर पाकिस्तानी झंडे वाले सभी जहाजों के आने पर भी रोक लगा दी गई है और बाघा-अटारी सीमा को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। भारतीय एयरस्पेस पाकिस्तानी जहाजों के लिए बंद हो चुका है।
उल्लेखनीय है कि भारत में पाकिस्तान से आयात पहले से ही बहुत कम या नगण्य हो रहा है जो वार्षिक स्तर पर 5 लाख डॉलर का रह गया है। वह अब पूरी तरह घटकर शून्य पर सिमट जाएगा।
पाकिस्तान से सेंधा नमक तथा कुछ सूखे मेवों का आयात प्रभावित होगा जबकि दूसरी ओर पाकिस्तान को भारतीय उत्पादों का निर्यात पूरी तरह ठप्प पड़ जाएगा।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार भारत लम्बे समय से पाकिस्तानी उत्पादों के आयात पर निर्भर नहीं है इसलिए इस व्यापारिक प्रतिबंध से भारतीय अर्थ व्यवस्था पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। लेकिन भारत ने राजनैतिक एवं आर्थिक दृष्टि से पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश दे दिया है जिससे उसकी हालत खराब हो सकती है।
हालांकि दोनों देशों के बीच सीधा कारोबार बहुत कम हो रहा है मगर परोक्ष व्यापार लगातार जारी है। एक समीक्षक के अनुसार भारत से प्रतिवर्ष पाकिस्तान को तीसरे देश के माध्यम से करीब 10 अरब डॉलर मूल्य के उत्पादों का निर्यात हो रहा है।
यह निर्यात मुख्यतः दुबई, सिंगापुर तथा कोलम्बो आदि के जरिए होता है। अब यह देखना आवश्यक होगा कि भारतीय निर्यातक इस मार्ग से कारोबार करने के बारे में किस तरह का निर्णय लेते हैं।
भारत से पाकिस्तान को होने वाले प्रमुख उत्पादों के निर्यात में रूई, ऑर्गेनिक कैमिकल्स, मसाले, उत्पाद, दवाइयां एवं औषधियां, प्लास्टिक के सामान तथा डेयरी उत्पाद आदि शामिल हैं।
