भारत से खाद्य एवं कृषि उत्पादों के निर्यात में निरंतरता जारी
05-Feb-2026 04:53 PM
नई दिल्ली। भारत से अनेक महत्वपूर्ण कृषि एवं खाद्य उत्पादों का निर्यात दुनिया के विभिन्न देशों में होता है जिसमें चावल, दाल-दलहन, मूंगफली, ग्वार गम, गुड़-शक्कर, प्रसंस्कृत काजू, मक्का, मिलेट्स, अखरोट एवं गेहूं आदि शामिल है। निर्यात में निरंतरता बरकरार है और इससे देश को भारी-,मात्रा में विदेशी मुद्रा प्राप्त हो रही है।
केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अधीनस्थ निकाय- कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के आंकड़ों से पता चलता है कि चालू वित्त वर्ष के आरंभिक आठ महीनों में यानी अप्रैल- नवम्बर 2025 के दौरान भारत से दुनिया के विभिन्न देशों को 92,56,827 टन गैर बासमती चावल, 40,74,098 टन बासमती चावल, 14,485 टन गेहूं, 3,83,646 टन मक्का, 1,90,694 टन मिल्ड प्रोडक्ट्स, 92946 टन मिलेट्स तथा 14,643 टन अन्य अनाजों का निर्यात किया गया।
इसके अलावा समीक्षाधीन अवधि के दौरान देश से 6,25,018 टन दाल-दलहन 4,32,535 या मूंगफली, 3,23,033 टन ग्वार गम, 3,44,388 गुड़ एवं कन्फेक्शनरी, 22,132 टन प्रसंस्कृत काजू कर्नेल,
61,603 टन काजू नट्स रोस्टेड एवं मूल्य संवर्धित और 22,515 टन काजू नट शेल लिक्विड का निर्यात हुआ। अखरोट का निर्यात 909 टन तथा पान पत्ता एवं सुपारी का निर्यात 2651 टन दर्ज किया गया।
भारत से ऑयल मील, तेल-तिलहन, चीनी, मसाले एवं कपास आदि का भी निर्यात होता है। मगर वह एपीडा की निर्यात निगरानी सूची में शामिल नहीं है। ध्यान देने की बात है कि भारत दुनिया में चावल तथा ग्वार गम का सबसे प्रमुख निर्यातक देश है।
