बेहतर निर्यात प्रदर्शन के बावजूद कनाडा में काबुली चना का भाव स्थिर

05-Feb-2026 04:04 PM

वैंकुवर। हालांकि चालू मार्केटिंग सीजन के दौरान कनाडा से काबुली चना के निर्यात में कुछ बढ़ोत्तरी देखी जा रही है लेकिन शानदार उत्पादन एवं विशाल स्टॉक के कारण आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति बेहतर होने से इसकी कीमतों में काफी हद तक स्थिरता का माहौल देखा जा रहा है।

चालू सप्ताह के दौरान पश्चिमी कनाडा की मंडियों में काबुली चना के दाम में न तो भारी तेजी देखी गई और न ही ज्यादा गिरावट आई। 

नम्बर 2 क्वालिटी के काबुली चना का भाव उत्पादक मंडियों में 27 सेंट प्रति पौंड के पिछले स्तर पर बरकरार है। इस क्वालिटी में 9 मि०मी० आकार वाले दाने का न्यूनतम अंश 30 प्रतिशत तथा 7 मि०मी० साइज़ के दाने का उच्चतम अंश 20 प्रतिशत होना आवश्यक होता है।

कनाडा में काबुली चना का भारी-भरकम स्टॉक अब भी मौजूद है और इसलिए इसके निर्यात की रफ्तार बढ़ाए जाने की आवश्यकता है।

विदेशी मांग सामान्य बनी हुई है। घरेलू प्रभाग में फीड श्रेणी के चना का थोड़ा-बहुत कारोबार हो रहा है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कनाडा के निर्यातकों को भारत, अर्जेन्टीना मैक्सिको तथा रूस जैसे देशों की प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। अमरीका में उत्पादन बढ़ने से कनाडाई काबुली चना का आयात कमजोर पड़ गया है।

अप्रैल से कनाडा में बिजाई शुरू होने वाली है  जिस पर सबका ध्यान केन्द्रित है। ऑस्ट्रेलिया में देसी चना का अच्छा उत्पादन हुआ है जबकि भारत में नई फसल की कटाई-तैयारी जल्दी ही जोर पकड़ने की संभावना है।