ब्राजील में शुष्क एवं गर्म मौसम से चीनी का उत्पादन घटने की संभावना
25-Sep-2024 07:04 PM
साओ पाउलो । लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील के मध्य दक्षिणी क्षेत्र में मौसम काफी शुष्क एवं गर्म रहने तथा गन्ना के खेतों में आग लगने से इस बार चीनी का उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। उल्लेखनीय है कि ब्राजील में लगभग 90 प्रतिशत चीनी का उत्पादन मध्य दक्षिणी क्षेत्र में होता है।
वहां साओ पाउलो इसका सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त है जो करीब 60 प्रतिशत चीनी का उत्पादन अकेले करता है। इसी साओ पाउलो प्रान्त में भयंकर आगजनी के कारण गन्ना की फसल विशाल क्षेत्रफल में या तो पूरी तरह या आंशिक रूप से जल गई।
इससे पूर्व वहां बारिश का अभाव होने तथा तापमान ऊंचा रहने से भी गन्ना की फसल क्षतिग्रस्त हुई थी और चीनी की रिकवरी दर में कमी आ रही थी।
एक अग्रणी विश्लेषक फर्म ने ब्राजील के मध्य दक्षिणी क्षेत्र में चीनी का उत्पादन अनुमान 403 लाख टन से 10 लाख टन घटाकर 393 लाख टन नियत कर दिया है।
एक उद्योग संस्था के अनुसार चालू सीजन के दौरान साओ पाउलो प्रान्त में आगजनी की करीब 2000 घटनाएं हुई जिससे लगभग 80 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ना की फसल बर्बाद हो गई।
कम से कम 50 लाख टन गन्ना नष्ट हो गया जिससे 5 लाख टन चीनी का कम उत्पादन होगा। भीषण गर्मी एवं नमी की कमी से भी वहां गन्ना की फसल प्रभावित हुई है और अब भी हो रही है। शीर्ष उद्योग संस्था- यूनिका के अनुसार पिछले साल की तुलना में इस वर्ष अगस्त के दूसरे पखवाड़े के दौरान मध्य दक्षिणी क्षेत्र में चीनी का उत्पादन 6 प्रतिशत घटकर 32.60 लाख टन के आसपास रह गया।
ब्राजील में गन्ना की नई फसल की कटाई-तैयारी एवं क्रशिंग तथा चीनी एवं एथनॉल के उत्पादन का सीजन 1 अप्रैल से ही आरंभ हो गया था।
अप्रैल से जून तक उत्पादन की स्थिति संतोषजनक रही और जुलाई में भी कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ मगर अगस्त से प्रतिकूल मौसम का प्रभाव दिखाई पड़ने लगा।
आगामी महीनों में हालात और भी कमजोर होने की आशंका है। दिलचस्प तथ्य यह है कि 1 अप्रैल से 31 अगस्त 2024 के दौरान ब्राजील में चीनी का कुल उत्पादन बढ़कर 271.70 लाख टन पर पहुंच गया
जो वर्ष 2023 की समान अवधि के उत्पादन से करीब 4 प्रतिशत अधिक था लेकिन सितम्बर से इसके उत्पादन में गिरावट का दौर शुरू होने की संभावना है क्योंकि अभी तक वहां बारिश का अभाव बना हुआ है।
