बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर घटकर 67 प्रतिशत पर आया

06-Feb-2026 12:28 PM

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्तर पर बांधों- जलाशयों में पानी का स्टॉक घटकर उसकी कुल भंडारण क्षमता के सापेक्ष केवल 67 प्रतिशत रह गया है जबकि देश के पांचों संभागों में जल स्तर गिरकर 80 प्रतिशत से नीचे आ गया है।

मौसम विभाग ने फरवरी में वर्षा कम होने तथा तापमान ऊंचा रहने का अनुमान लगाया है जिससे जल स्तर में और भी गिरावट आ सकती है। दक्षिण भारत में तो पानी का स्तर घटकर गत वर्ष से भी नीचे आ गया है। 

केन्द्रीय जल आयोग की नई रिपोर्ट के अनुसार देश के 166 प्रमुख जलाशयों में फिलहाल 122.313 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) पानी का स्टॉक मौजूद है जो उसकी कुल भंडारण क्षमता 183.565 बीसीएम का 66.63 प्रतिशत है।

वैसे पानी का यह स्टॉक पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 8.5        प्रतिशत बिंदु और 10 वर्षीय औसत स्तर के मुकाबले 25 प्रतिशत बिंदु ज्यादा है। फिलहाल रबी फसलों की सिंचाई के लायक पानी का समुचित स्टॉक मौजूद है। 

देश के चार जलाशय पानी से अभी पूरी तरह भरे हुए हैं जबकि 53 अन्य बांधों में क्षमता के मुकाबले 80 प्रतिशत से अधिक पानी का स्टॉक मौजूद है जबकि शेष 109 जलाशयों में पानी का स्तर घटकर काफी नीचे आ गया है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों से पता चलता है कि देश के जिन 727 जिलों से आंकड़े एकत्रित किए जाते हैं उनमें से 71 प्रतिशत जिलों में चालू वर्ष के आरंभ से अब तक वर्षा का अभाव बना हुआ है।

राष्ट्रीय स्तर पर भी 1 जनवरी से 5 फरवरी 2026 के दौरान सामान्य औसत के मुकाबले 31 प्रतिशत कम वर्षा हुई जिससे बांधों- जलाशयों में पानी का स्टॉक निरन्तर घटता रहा।