Home News
23-Nov-2026 10:47 AM
नई दिल्ली। एक अग्रणी रेटिंग एजेंसी ने 2026-27 के सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान चीनी का सकल घरेलू उत्पादन 280-290 लाख टन के बीच होने का अनुमान लगाया है। चूंकि इस बार एथनॉल निर्माण में गन्ना जूस, शुगर सीरप एवं बी-हैवी शीरा का इस्तेमाल रोक दिया गया है इसलिए चीनी का यह सम्पूर्ण उत्पादन खाद्य उद्देश्य के लिए उपलब्ध हो सकता है।
2025-26 के सीजन में उपरोक्त गन्ना अवयवों का एथनॉल में उपयोग होने के बावजूद खाद्य उद्देश्य के लिए देश में करीब 276 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था। लगभग 30 लाख टन चीनी के समतुल्य गन्ना अवयवों का इस्तेमाल एथनॉल निर्माण में किया गया था। इस बार केवल सी-हैवी शीरा से एथनॉल बनाने की अनुमति दी गई है क्योंकि इसमें चीनी का अंश बहुत कम होता है। मक्का, चावल एवं अन्य क्षतिग्रस्त अनाज से एथनॉल का निर्माण जारी रहेगा।
रेटिंग एजेंसी ने 2026-27 के सीजन में चीनी की कुल घरेलू खपत 283 लाख टन होने की संभावना व्यक्त की है। इसके फलस्वरूप मार्केटिंग सीजन के अंत में उद्योग के पास 35 से 45 लाख टन के बीच चीनी का बकाया अधिशेष स्टॉक मौजूद रह सकता है जो दो माह से भी कम समय की खपत के समतुल्य होगा। आमतौर पर सीजन के अंत में उद्योग के पास 2-3 माह की खपत के लायक चीनी का स्टॉक रहता है। इस बार महाराष्ट्र- कर्नाटक में उत्पादन घटने की आशंका है।