चीनी का घरेलू उत्पादन पिछले सीजन से कम होने का इस्मा का अनुमान

07-Nov-2024 11:18 AM

नई दिल्ली । शीर्ष उद्योग संस्था- इंडियन शुगर एंड बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) ने 2024-25 के मार्केटिंग सीजन के लिए चीनी उत्पादन का पहला अग्रिम अनुमान जारी कर दिया है।

इसके तहत इसका कुल उत्पादन घटकर 333 लाख टन रह जाने की संभावना व्यक्त की गई है जो 2023-24 के मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) अनुमानित उत्पादन 340.64 लाख टन से 7.64 लाख टन कम है।

इस्मा की रिपोर्ट के अनुसार 2023-24 सीजन की तुलना में 2024-25 सीजन के दौरान चीनी का उत्पादन महाराष्ट्र में 118.48 लाख टन से घटकर 111.02 लाख टन, कर्नाटक में 58.08 लाख टन से फिसलकर 58.07 लाख टन तथा यूपी को छोड़कर अन्य राज्यों में 54.08 लाख टन से गिरकर 53.81 लाख टन रह जाने की संभावना है।

जहां तक उत्तर प्रदेश का सवाल है तो वहां चीनी का उत्पादन गत वर्ष के 110 लाख टन से सुधरकर इस बार 110.10 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। 

इस्मा के मुताबिक 2023-24 सीजन के दौरान कुल 340.64 लाख टन के उत्पादन में से 21 लाख टन चीनी का उपयोग एथनॉल निर्माण में किया गया और 319.64 लाख टन चीनी मानवीय खाद्य उद्देश्य के लिए उपलब्ध रही।

2024-25 के वर्तमान सीजन में करीब 40 लाख टन चीनी का इस्तेमाल एथनॉल निर्माण में होने का अनुमान लगाया जा रहा है जिससे शुद्ध चीनी (मनुष्य के खाने लायक) का उत्पादन घटकर 293 लाख  टन पर सिमट सकता है। 

इस्मा के आंकड़ों के अनुसार 2024-25 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के दौरान 84.79 लाख टन के बकाया स्टॉक तथा 333 लाख टन के उत्पादन के साथ चीनी की कुल उपलब्धता 417.79 लाख टन पर पहुंचेगी।

इसमें से 290 लाख टन का उपयोग आंतरिक खपत में तथा 40 लाख टन का उपयोग एथनॉल निर्माण में होगा / सीजन के अंत में 87.79 लाख टन चीन का स्टॉक बच सकता है।