Home News

चीन में कनाडाई मटर का जोरदार आयात जारी

23-Sep-2026 03:05 PM

चीन में कनाडाई मटर का जोरदार आयात जारी

विनीपेग। कनाडा के साथ चीन का व्यापारिक विवाद सुलझने का सकारात्मक असर मटर के कारोबार पर देखा जा रहा है। चीन के आयातक न केवल कनाडा के मटर बाजार में वापस लौट आए बल्कि विशाल मात्रा में इसकी खरीद भी कर रहे हैं।

चीन की जोरदार खरीदारी से कनाडा में मटर का भाव कुछ मजबूत होने की सम्भावना है जिससे भारत में इसका आयात महंगा हो सकता है। कनाडा में इस बार मटर का उत्पादन काफी घटने की सम्भावना है लेकिन विशाल पिछला बकाया स्टॉक मौजूद होने से इसकी कुल उपलब्धता से ज्यादा कमी नहीं आएगी। रूस-यूक्रेन से आपूर्ति में बाधा पड़ने के कारण भी मटर का वैश्विक बाजार भाव मजबूत रहने के आसार हैं। रूस मटर का अग्रणी उत्पादक एवं निर्यातक देश हैं। काला सागर का जलमार्ग असुरक्षित हो गया है।

उपलब्ध आकड़ों के अनुसार चीन ने वर्ष 2026 की पहली छमाही के दौरान कनाडा से 5.20 लाख टन मटर का आयात किया जबकि चालू वर्ष की समाप्ति तक वहां इसका कुल आयात बढ़कर 10 लाख टन से उपर पहुंच जाने की उम्मीद है। समीक्षकों के मुताबिक कनाडा से मटर एवं अन्य दलहनों के निर्यात का आगामी परिदृश्य काफी अच्छा प्रतीत होता है।

चीन ने पहले व्यापारिक विवाद के कारण कनाडाई मटर के आयात पर 100 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगा दिया था जिससे वहां इसका आयात लगभग ठप्प पड़ गया था लेकिन बाद में सीमा शुल्क को काफी घटा दिया। भारत और चीन कनाडाई मटर के दो सबसे प्रमुख ख़रीदार देश हैं।