चार अन्य राज्यों में दलहन-तिलहन की खरीद को केन्द्र की मंजूरी

28-Oct-2025 01:08 PM

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार गुजरात तथा उत्तर प्रदेश में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीफ कालीन दलहन-तिलहन जिंसों की खरीद के प्रस्ताव को पहले ही स्वीकृति प्रदान कर चुकी है

जबकि अब उसने चार अन्य प्रांतों- तेलंगाना उड़ीसा, महाराष्ट्र एवं मध्य प्रदेश में भी इसकी खरीद के आग्रह को अनुमोदित कर दिया है। दलहन-तिलहन की इस खरीद पर 15,000 करोड़ रुपए से अधिक राशि खर्च होने का अनुमान है। 

केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि उपरोक्त राज्यों में दलहन-तिलहन की खरीद के लिए कुल स्वीकृत राशि 15,095.83 करोड़ रुपए है जिससे किसानों को काफी राहत मिलेगी।

कृषि मंत्री ने प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) तथा अन्य स्कीम के तहत इस खरीद प्रक्रिया को मंजूरी दी है। उपरोक्त चार राज्यों के कृषि मंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई एक उच्च स्तरीय वर्चुअल मीटिंग के दौरान इस आग्रह को स्वीकार किया गया।

विस्तृत विचार-मिमर्श के बाद कृषि मंत्री ने तेलंगाना में मूल्य समर्थन योजना के तहत 38.44 करोड़ रुपए के खर्च से 4430 टन मूंग की खरीद को अनुमोदित कर दिया जो राज्य के कुल उत्पादन का 25 प्रतिशत है। इसके अलावा 25 प्रतिशत सोयाबीन तथा 100 प्रतिशत उड़द की खरीद की भी स्वीकृति दी गई है। 

उधर उड़ीसा में 18,470 टन (100 प्रतिशत) तुवर की खरीद के लिए कुल 147.76 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की गई है। महाराष्ट्र में 33 हजार टन मूंग, 3,25,680 टन उड़द तथा 18,50,700 टन सोयाबीन की खरीद के लिए आये प्रस्ताव को स्वीकार किया गया

और इसके लिए क्रमश:  289.34 करोड़ रुपए,  2540.30 करोड़ रुपए तथा 9860.53 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई। मध्य प्रदेश में भावान्तर भुगतान योजना के अंतर्गत 22,21,632 टन सोयाबीन की रिकॉर्ड खरीद को मंजूरी दी गई है और इसके लिए 1775.53 करोड़ रुपए की राशि आवंटित करने का निर्यात किया गया है।