डि ऑयल्ड राइस ब्रान के निर्यात पर लगी रोक को यथाशीघ्र हटाने का आग्रह

05-Nov-2024 11:55 AM

मुम्बई । स्वदेशी वनस्पति तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के एक अग्रणी संगठन- सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) ने केन्द्र सरकार से डि ऑयल्ड राइस ब्रान (डीओ आरबी के निर्यात पर लगे प्रतिबंध को जल्दी से जल्दी हटाने का आग्रह किया है।

केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री, खाद्य उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री तथा मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री को भेजे पत्र में एसोसिएशन ने कहा है कि घरेलू प्रभाग में धान-चावल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और खरीफ कालीन धान की जोरदार आवक होने लगी है।

इससे राइस ब्रान तथा इसके एक्सट्रैक्शन की आपूर्ति एवं उपलब्धता निरंतर बढ़ने की संभावना है। लेकिन डी ओ आर बी  के निर्यात पर लागू प्रतिबंध से मिलर्स एवं निर्यातकों को भारी कठिनाई हो रही है इसलिए इसे तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाना चाहिए। 

28 जुलाई 2023 से ही डि ऑयल्ड राइस ब्रान के निर्यात पर पाबंदी लगी हुई है। इसकी समय सीमा लगातार बढ़ाई गई और अब यह 31 जनवरी 2025 तक के लिए बढ़ा दी गई है।

सरकार के इस निर्णय से विभिन्न क्षेत्रों पर गहरा प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। एसोसिएशन के अनुसार देश में ऑयल मील का उत्पादन घरेलू उपयोग से ज्यादा होता है।

डी ओ आर बी का निर्यात इसके कुल उत्पादन के 10 प्रतिशत से भी कम भाग का होता था मगर सरकार ने इस पर भी प्रतिबंध लगा दिया। अब आपूर्ति एवं उपलब्धता की बेहतर स्थिति एवं कमजोर बाजार भाव को देखते हुए हटाए जाने की सख्त जरूरत है।