डोनाल्ड ट्रंप अमरीका के 47 वें राष्ट्रपति निर्वाचित- भारत को फायदा होने की उम्मीद
06-Nov-2024 06:00 PM
नई दिल्ली । संयुक्त राज्य अमरीका (यूएसए) में 5 नवम्बर 2024 को राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप ने जीत का जादुई आंकड़ा हासिल कर लिया और इसके साथ ही वे अमरीका में 47 वें राष्ट्रपति के लिए निर्वाचित हो गए।
निर्यात परिपाटी के तहत अमरीका में नए राष्ट्रपति को 20 जनवरी 2025 को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। यदि 20 जनवरी को रविवार होता है तो शपथ की तिथि 21 जनवरी नियत हो जाती है।
भारतीय प्रधानमंत्री के साथ डोनाल्ड ट्रंप के रिश्ते काफी अच्छे हैं और इसलिए भारत को आगामी समय में व्यापार-वाणिज्य तथा सैन्य उपकरण के क्षेत्र में कुछ फायदा होने की उम्मीद है।
समझा जाता है कि डोनाल्ड ट्रंप चीन पर शिकंजा कसने का प्रयास कर सकते हैं। अपने पिछले कार्यकाल (2016-2020) के दौरान भी उन्होंने अनेक चाइनीज उत्पादों के आयात पर भारी-भरकम सीमा शुल्क लगा दिया था
और एक बेहद महत्वपूर्ण करार के तहत चीन को अरबों डॉलर मूल्य के अमरीकी कृषि उत्पाद-खासकर सोयाबीन, मक्का एवं गेहूं आदि का आयात करने के लिए विवश कर दिया था। ताईवान संकट के कारण अमरीका और चीन के रिश्ते बिगड़ते रहे हैं।
अमरीका अनेक चाइनीज सामानों के आयात का प्रमुख बाजार बना हुआ है जिस पर डोनाल्ड ट्रंप अंकुश लगाने का प्रयास कर सकते हैं। इससे भारत को वहां अपने उत्पादों का निर्यात बढ़ाने का अवसर मिल सकता है।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे युद्ध के बजाए शांति और प्रगति को पसंद करते हैं। इससे संकेत मिलता है कि वे मध्य एशिया तथा काला सागर क्षेत्र में जारी युद्ध को समाप्त करवाने के लिए कुछ ठोस कदम उठा सकते हैं।
लेकिन उनके हाथ में अमरीका की सत्ता 20-21 जनवरी को ही आ सकेगी और कुछ दिनों तक उन्हें परिस्थिति को समझने परखने में व्यतीत हो जाएगा इसलिए वे फरवरी 2025 में ही कोई ठोस निर्णय ले सकेंगे।
भारतीय प्रधानमंत्री नव निर्वाचित अमरीकी राष्ट्रपति को बधाई संदेश भेज चुके हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को अनेक मोर्चे पर भरपूर सहयोग-समर्थन दिया था और आगे भी उनसे इसकी उम्मीद की जा रही है। इससे पाकिस्तान को खतरा बढ़ सकता है।
