फरवरी में ऑस्ट्रेलियाई मसूर के आयात में गिरावट
13-Apr-2026 11:16 AM
मुम्बई। भारत में नई फसल की कटाई-तैयारी जोर पकड़ने तथा उत्पादन में कुछ बढ़ोत्तरी का अनुमान लगाए जाने के बावजूद कनाडा तथा ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों से मसूर का आयात निरन्तर जारी है लेकिन इसकी रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई है।
ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) की रिपोर्ट के अनुसार ऑस्ट्रेलिया से भारत को दिसम्बर 2025 में 1,38,322 टन मसूर का निर्यात किया गया था जो जनवरी 2026 में बढ़कर 1,59,024 टन पर पहुंचा मगर फरवरी 2026 में घटकर 81,364 टन रह गया।
इसके बावजूद इन तीन महीनों के दौरान भारत को कुल मिलाकर 8,78,709 टन मसूर का शिपमेंट किया गया जो उसके कुल निर्यात 7,76,008 टन का करीब आधा या 50 प्रतिशत रहा। ऑस्ट्रेलिया से दिसम्बर में 3,16,358 टन, जनवरी में 2,80,314 टन तथा फरवरी में 1,79,335 टन मसूर का निर्यात हुआ।
इस तिमाही के दौरान ऑस्ट्रेलिया से बांग्लादेश को 2.10 लाख टन, मिस्र को 44 हजार टन, नेपाल और पाकिस्तान को 23-23 हजार टन श्रीलंका को 51 हजार टन तथा यूएई को 44 हजार टन मसूर का निर्यात किया गया।
