गन्ना की पैदावार में वृद्धि के बावजूद पिछले सीजन में घटा चीनी का उत्पादन
22-Nov-2025 11:16 AM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि गन्ना का उत्पादन 2023-24 सीजन के 4531.58 लाख टन से सुधरकर 2024-25 के सीजन में 4546.11 लाख टन पर पहुंच गया।
हालांकि पिछले साल बारिश की कमी तथा सूखे के प्रकोप से गन्ना की फसल महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों में प्रभावित हुई थी और वहां इसके बिजाई क्षेत्र में भी कुछ कमी आई थी लेकिन उत्तर प्रदेश में हालत अपेक्षाकृत बेहतर रही थी।
केन्द्रीय आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इससे पूर्व गन्ना का घरेलू उत्पादन 2022-23 के सीजन में तेजी से उछलकर 4905.33 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंचा था
जिससे चीनी के उत्पादन में भारी बढ़ोत्तरी हुई थी। गन्ना की पैदावार 2021-22 के सीजन में 4394.25 लाख टन तथा 2020-21 के सीजन में 4053.99 लाख टन दर्ज की गई थी।
2024-25 के मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान महाराष्ट्र तथा कर्नाटक के साथ-साथ गुजरात एवं तमिलनाडु की चीनी मिलों को भी क्रशिंग-प्रोसेसिंग के लिए समुचित मात्रा में कच्चा माल (गन्ना) हासिल नहीं हो सका और वहां क्रशिंग का सीजन भी जल्दी समाप्त हो गया।
इसके अलावा गन्ना से चीनी की औसत रिकवरी दर में भी गिरावट आ गई। 2023-24 के मार्केटिंग सीजन में 319 लाख टन चीनी का शानदार उत्पादन हुआ था जो 2024-25 के सीजन में घटकर 261 लाख टन पर अटक गया।
अब 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन में उत्पादन पुनः बढ़कर 309 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।
