होर्मुज स्ट्रेट के खुलने पर संयम बरकरार
11-Apr-2026 12:48 PM
नई दिल्ली। हालांकि अमरीकी राष्ट्रपति का दावा है कि होर्मुज स्ट्रेट शीघ्र ही पूरी तरह खुल जाएगा लेकिन ईरान ने कहा है कि इस जल डमरू मध्य पर उसका अधिकार बना रहेगा और उसकी अनुमति के बगैर इस क्षेत्र से कोई जहाज या कंटेनर नहीं गुजर सकेगा। सैकड़ों जहाज अब भी वहां फंसे हुए हैं।
परसों वहां से 15 जहाजों को गुजरने की स्वीकृति मिली थी जबकि कल केवल 4 जहाज वहां से निकल पाए थे। इसमें से तीन जहाज ईरान के तथा एक जहाज रूस के थे। ईरान इस बात पर अड़ा हुआ है कि वह इस जल मार्ग से आने-जाने वाले जहाजों से ट्रांजिट फीस वसूल करेगा और इस रास्ते पर अपना पूरा नियंत्रण रखेगा।
ईरान और अमरीका के बीच आज शान्तिवार्ता आरंभ हो रही है जिसमें होर्मुज खोलने के मुद्दे पर भी बातचीत होने की संभावना है। यूरोप तथा खाड़ी क्षेत्र के देश भी इसको पूरी तरह खुलवाने का जोरदार प्रयास कर रहे हैं ताकि जहाजों की आवाजाही सामान्य हो सके। अगले कुछ दिनों में स्थिति स्पष्ट हो सकती है। सीजफायर एवं शांतिवार्ता के कारण क्रूड खनिज तेल के वैश्विक बाजार मूल्य में गिरावट आई है।
