हरियाणा में एमएसपी पर 24 फसलों की खरीद के लिए अधिसूचना जारी
23-Dec-2024 08:43 PM
चंडीगढ़ । हरियाणा सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 24 फसलों की खरीद अधिसूचना जारी कर दी है। पहले इस सूची में 14 फसलें शामिल थीं मगर अब इसमें 10 अन्य फसलों को भी शामिल कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की हुई एक बैठक में 10 अन्य फसलों के लिए एमएसपी की वैधानिक गारंटी प्रदान करने का निर्णय लिया गया और फिर इसे अधिसूचित कर दिया गया। अगस्त तक राज्य में सरकारी एजेंसियों द्वारा 14 फसलों की खरीद ही न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही थी।
19 दिसम्बर को जारी नवीनतम अधिसूचना के अनुसार 5 अगस्त को राज्य मंत्रिमंडल ने जिन अन्य 10 जिंसों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करने का निर्णय लिया था उसमें रागी, सोयाबीन, नाइजरसीड, सैफ्लावर, जौ, मक्का, ज्वार, जूट, कोपरा एवं ग्रीष्मकालीन मूंग शामिल हैं। उस समय केवल निर्णय लिए लिया गया था मगर अब उसे वैधानिक बना दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान, गेहूं, बाजरा, तुवर, उड़द, खरीफ कालीन मूंग एवं सरसों की खरीद पहले से ही की जा रही है।
नवीनतम अधिसूचना में जिन उत्पादों को शामिल किया गया है उसमें से अधिकांश का हरियाणा में नगण्य उत्पादन होता है इसलिए इसके न्यूनतम समर्थन मूल्य की वैधानिक गारंटी दिए जाने के बावजूद राजकोष पर ज्यादा भार नहीं पड़ेगा।
हरियाणा मुख्यत: धान, गेहू एवं सरसों के उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है जबकि वहां ज्वार, बाजरा, मक्का, जौ तथा मूंग आदि का भी अच्छा उत्पादन होता है।
तुवर एवं उड़द की खेती अत्यन्त सीमित क्षेत्रफल में होती है जबकि चना का क्षेत्रफल सुधरने लगा है। किसानों को सरकार के इस निर्णय से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
