जबरदस्त मोल भाव के साथ भारतीय खरीदारों द्वारा अमरीका से हरी मसूर का आयात शुरू

29-Oct-2025 04:00 PM

मुम्बई। हालांकि भारतीय खरीदारों ने अमरीका से हरी मसूर के आयात की प्रक्रिया दोबारा आरंभ कर दी है लेकिन वे निर्यातकों पर दाम घटाने के लिए जबरदस्त दबाव डाल रहे हैं।

दरअसल जब इस मसूर का आयात अनुबंध किया गया था तब उसका भाव काफी ऊंचा था मगर अब घटकर नीचे आ गया है। इसे देखते हुए भारत के आयातक अमरीकी निर्यातकों के साथ कीमतों के मामले में दोबारा बातचीत शुरू करने पर जोर दे रहे हैं। 

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार इस वर्ष कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, रूस एवं अमरीका जैसे देशों में मसूर का शानदार उत्पादन होने से वैश्विक बाजार भाव हाल के दिनों में काफी नीचे गिर गया है

और भारत के खरीदार वर्तमान मूल्य स्तर पर अमरीका से मसूर मंगाना चाहते हैं। इस बार कनाडा तथा अमरीका में हरी मसूर का अच्छा उत्पादन हुआ है जिससे इसकी कीमतों पर दबाव बना हुआ है।

इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया एवं रूस में लाल मसूर, रूस तथा कनाडा में पीली मटर और अफ्रीकी देशों में तुवर के उत्पादन में बढ़ोत्तरी होने के संकेत मिल रहे हैं। 

जुलाई-सितम्बर के दौरान अमरीका द्वारा भारतीय खरीदारों ने अमरीका से कृषि उत्पादों का आयात लगभग बंद कर दिया था क्योंकि उसे अमरीका द्वारा भारतीय उत्पादों पर 50 प्रतिशत का टैरिफ लगाने के बाद भारत सरकार द्वारा बदले की कार्रवाई किए जाने की आशंका थी।

अमरीका ने पहले 7 अगस्त को भारतीय उत्पादों पर 25 प्रतिशत का टैरिफ लगाया और फिर 27 अगस्त को 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ लगा दिया।

लेकिन भारत ने बदले की कोई खास कार्रवाई नहीं की जिससे आयातक अब निश्चिंत हो गए हैं और उन्होंने अमरीका से हरी मसूर का आयात दोबारा शुरू कर दिया है। गत वर्ष हरी मसूर का निर्यात ऑफर मूल्य 1250 डॉलर प्रति टन के शीर्ष स्तर पर पहुंचा था मगर अब 560 डॉलर पर आ गया है।