जीरा, हल्दी, धनिया, पोस्ता कीमतों में तेजी

12-May-2025 06:57 PM

नई दिल्ली। सीमाओं पर हालात सामान्य होने के साथ ही मसाला बाजार में सुधार का रुख शुरू हो गया है।  उल्लेखनीय है कि विगत एक पखवाड़े से सीमा पर तनाव के चलते व्यापार प्रभावित हो रहा था और कीमतों में भी गिरावट चल रही थी। लेकिन आज लोकल मांग के अलावा निर्यातकों की लिवाली भी आने से कीमतों में तेजी दर्ज की गई। 

जीरा 

उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर कमजोर आवक एवं हाजिर में बढ़ती मांग के कारण आज मंडियों में जीरे के दाम 300/500 रुपए प्रति क्विंटल तेजी के साथ बोले गए। इसके अलावा वायदा बाजार में भी भाव तेजी के साथ बंद हुए। जीरा बाजार में 4 प्रतिशत का तेजी का सर्किट भी लगा। वायदा बाजार में मई माह का जीरा 990 रुपए एवं जून माह का जीरा 985 रुपए तेजी के साथ बंद हुआ है। 

हल्दी  

बुध पूर्णिमा होने के कारण मराठवाड़ा की अधिकांश मंडियां बंद रही। लेकिन नांदेड मंडी में व्यापार सुचारु रूप से हुआ और हल्दी के भाव भी 200/300 रुपए प्रति क्विंटल तेजी के साथ बोले। जबकि निजामाबाद, इरोड, वारंगल में भाव पूर्व स्तर पर मजबूत रहे। दिल्ली बाजार में भी हल्दी के भाव 200 रुपए तेजी के साथ बोले जा रहे थे। बाजार में धारणा मंदे की नहीं है। आगामी दिनों में भाव मजबूत बने रहेंगे। वायदा में मई माह की हल्दी 634 रुपए एवं जून की 506 रुपए तेजी के साथ बंद हुई है। मंडियों में आवक घटनी शुरू हो गई है।

धनिया 

हालांकि धनिया में व्यापार कम रहा। क्योंकि बुध पूर्णिमा होने के कारण मध्य प्रदेश की मंडियों में अवकाश रहा। जबकि राजस्थान की कोटा मंडी में भाव 50/75 रुपए तेजी के साथ बोले गए। गुजरात की गोंडल मंडी में भी भाव 50/75 रुपए तेज रहे आवक 15 हजार बोरी की रही। मंडियों में आवक घटने लगी है। जिस कारण से वर्तमान में मंदे की संभावना नहीं है वायदा में मई माह का धनिया 42 एवं जून का 36 रुपए तेजी के साथ बंद हुआ है। 

पोस्ता 

हालांकि आज मध्य प्रदेश की मंडियां बंद होने के कारण नीमच मंडी में पोस्ता की आवक नहीं है। लेकिन अन्य मंडियों में आज पोस्ता के दाम 30/40 रुपए प्रति किलो तक तेजी के साथ बोले गए। सूत्रों का कहना है कि टर्की पोस्ता का स्टॉक कुछेक व्यापारियों के पास होने के कारण स्टॉकिस्ट आयातित माल के भाव मनमाने ढंग से बोल रहे। उल्लेखनीय है कि विगत दो वर्षों से टर्की से पोस्ता की आयात की अनुमति नहीं है। सूत्रों का मानना है कि बढ़ते तापमान एवं मध्य प्रदेश की मंडियों में भी देसी पोस्ता की दैनिक आवक घटने के कारण आगामी दिनों में पोस्ता के भाव तेज रहने की संभावना है। वर्तमान में कोलकाता में टर्की पोस्ता का भाव 1380/1400 रुपए एवं दिल्ली में 1330/1340  रुपए प्रति किलो बोला  जा रहा है।