काजू का घरेलू उत्पादन बेहतर होने के आसार

25-Dec-2024 08:37 PM

कोच्चि । प्रमुख उत्पादक राज्यों में मानसून की अच्छी वर्षा होने तथा मौसम काफी हद तक अनुकूल रहने से चालू सीजन के दौरान काजू का घरेलू उत्पादन पिछले सीजन से बेहतर होने की उम्मीद है।

हालांकि कुछ इलाकों में जलवायु परिवर्तन एवं असामान्य बारिश के कारण काजू के पौधों में फूल लगने की प्रक्रिया इस बार कुछ जल्दी शुरू हो गई

लेकिन आमतौर पर नई फसल की कटाई-तैयारी मध्य मार्च से ही आरंभ होने की संभावना है जो मई के तीसरे सप्ताह तक जारी रह सकती है। खेतों में नमी का पर्याप्त अंश मौजूद रहने से फसल की हालत बेहतर है। 

काजू के प्रमुख उत्पादक राज्यों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, उड़ीसा, गुजरात, गोवा एवं पश्चिम बंगाल शामिल हैं जबकि मध्य प्रदेश सहित कुछ अन्य राज्यों में भी इसका उत्पादन होता है। 

एक अग्रणी उद्योग विश्लेषक के अनुसार वर्ष 2024 में अल नीनो मौसम चक्र के प्रकोप से पश्चिम अफ्रीका के कई देशों में काजू की फसल प्रभावित हुई जबकि भारत और वियतनाम में भी इसका उत्पादन कुछ घट गया।

इससे दो माह पूर्व तक काजू के दाम में तेजी मजबूती का माहौल बना रहा है। लेकिन जब पूर्वी अफ्रीकी देशों में बेहतर उत्पादन के संकेत मिलने लगे तब इसकी कीमतों में नरमी का रूख बनना शुरू हो गया।

वर्ष 2025 के शुरुआती चार महीनों के दौरान काजू के दाम में मिश्रित रूख रहने की संभावना है। एक तरफ बेहतर उत्पादन की संभावना को देखते हुए मिलर्स एवं स्टॉकिस्ट काजू की आपूर्ति बढ़ाने का प्रयास कर सकते हैं तो दूसरी ओर कई कारणों से इसकी मांग भी मजबूत रहने की उम्मीद है। लेकिन कीमतों में जोरदार तेजी या भारी गिरावट आना मुश्किल लगता है।