कलौंजी का रिकॉर्ड उत्पादन होने के अनुमान

05-Feb-2026 07:26 PM

नई दिल्ली। चालू सीजन के दौरान उत्पादकों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने के कारण प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात एवं मध्य प्रदेश में कलौंजी का उत्पादन अधिक रहने के समाचार मिल रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि इस वर्ष गुजरात में जीरे के स्थान पर किसानों ने कलौंजी की बिजाई की है। अनुमान व्यक्त किया जा रहा है कि गुजरात में इस वर्ष कलौंजी का बिजाई क्षेत्रफल ढाई गुणा बढ़ा है। जबकि मध्य प्रदेश में भी बिजाई दो गुणा क्षेत्रफल पर किए जाने के समाचार है। अभी तक फसल की स्थिति अच्छी है। अगर आगामी दिनों में भी मौसम फसल के अनुकूल रहता है तो निश्चित ही इस वर्ष देश में कलौंजी का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है  .

उत्पादन अनुमान 

अधिक बिजाई एवं अनुकूल मौसम के चलते इस वर्ष देश में कलौंजी का उत्पादन 6/6.25 लाख क्विंटल के स्तर पर पहुंच सकता है। गोंडल के प्रसिद्ध एवं विश्वसनीय प्रतिष्ठान श्री जी ग्लोबल एफएमसीजी लिमिटेड के श्री संजय रुपालिया का कहना है कि चालू सीजन के दौरान गुजरात में कलौंजी का उत्पादन 4/4.25 लाख बोरी के आसपास रहेंगे। जबकि मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में उत्पादन 2 लाख बोरी के आसपास होने के समाचार है। गत वर्ष गुजरात में कलौंजी का उत्पादन लगभग 1.60/1.75 लाख बोरी एवं मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में 1 लाख बोरी का माना गया था। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 के दौरान देश में कलौंजी का उत्पादन 2.50 लाख बोरी एवं वर्ष 2023 में उत्पादन 3.50/3.75 लाख बोरी का रहा था। 

स्टॉक कम 

जानकार सूत्रों के कहना है कि वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों में कलौंजी का स्टॉक काफी कम रह गया है क्योंकि गत वर्ष खपत की तुलना में पैदावार कम रहने के कारण अधिकांश माल की खपत हो चुकी है। एक अनुमान के अनुसार वर्तमान में स्टॉक 5/6 हजार बोरी का माना जा रहा है जबकि गत वर्ष नई फसल की आवक के समय स्टॉक 35/40 हजार बोरी का था। वर्ष 2024 में स्टॉक 1.25/1.50 लाख बोरी का रहा था। 

मन्दा तेजी 

व्यापारियों का कहना है कि स्टॉक की कमी एवं नई फसल आने में लगभग एक माह का समय शेष रहने के कारण अभी कलौंजी के भाव मजबूत बने रहेंगे। हो सकता है आगामी दिनों में मांग बढ़ने पर कीमतों में 8/10 रुपए की तेजी बन जाए। लेकिन नए मालों की आवक शुरू होने के बाद कलौंजी के दामों में अच्छी गिरावट देखी जा सकती है। उल्लेखनीय है कि 15 मार्च के पश्चात मंडियों में नए मालों की आवक बढ़नी शुर हो जाएगी। जिस कारण से अप्रैल माह में कलौंजी  200/210 रुपए प्रति किलो बन सकते हैं। जबकि वर्तमान में मध्य प्रदेश की नीमच मंडी में भाव 250/255 रुपए एवं गोंडल मंडी में भाव 260/265 रुपए बोला जा रहा है।