कनाडा में मसूर फसल की हालत लगभग सामान्य

20-Jul-2026 04:08 PM

विनीपेग। मसूर के सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- कनाडा में बिजाई की प्रक्रिया पिछले महीने समाप्त होने के बाद फसल की प्रगति सामान्य ढंग से हो रही है और अगले महीने से इसकी कटाई-तैयारी आरंभ होने की संभावना है।

कनाडा के जंगलों में अभी भयंकर आग लगी हुई है जिसके धुंए से अमरीका का आसमान धुंधला हो गया है। इससे वहां मसूर की फसल आंशिक रूप से प्रभावित हो सकती है। 

खेतों की मिटटी में नमी का पर्याप्त अंश तो मौजूद है मगर फसल पर कीड़ों-रोगों के प्रकोप की आशंका भी बनी हुई है। इससे मसूर की उपज दर एवं दाने की क्वालिटी पर असर पड़ सकता है। कनाडा में मसूर का अच्छा-खासा पिछला बकाया स्टॉक मौजूद है और नया माल भी जल्दी ही आने वाला है।

खरीदार इसकी लिवाली में जल्दबाजी नहीं दिखा रहे हैं। उत्पादकों तथा निर्यातकों का ध्यान भारत में खरीफ कालीन दलहन फसलों की बिजाई एवं प्रगति पर केन्द्रित है क्योंकि इसके आधार पर दलहनों का आयात निर्भर करेगा। तुवर का उत्पादन घटने पर हरी मसूर का आयात बढ़ सकता है।