कनाडा से सितम्बर में 2.13 लाख टन मसूर का शानदार निर्यात
06-Nov-2024 04:42 PM
विनीपेग । संघीय सरकार की अधिकृत एजेंसी- स्टैट्स कैन के आंकड़ों से ज्ञात होता है कि अगस्त में जब 2024-25 का नया मार्केटिंग सीजन आरंभ हुआ था तब कनाडा से केवल 36,464 टन मसूर का निर्यात संभव हो पाया लेकिन सितम्बर में नए माल की आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ने के कारण इसका शिपमेंट 483 प्रतिशत (लगभग पांच गुना) उछलकर 2,12,599 टन की ऊंचाई पर पहुंच गया।
इसे मिलाकर अगस्त-सितम्बर 2024 के दो महीनों में कनाडा से कुल 2,49,063 टन मसूर का शिपमेंट हुआ जो अगस्त-सितम्बर 2023 के कुल निर्यात 2,48,270 टन से कुछ अधिक रहा। पिछले साल अगस्त में निर्यत प्रदर्शन बेहतर रहा था।
सितम्बर 2024 के दौरान भारत कनाडाई मसूर का सबसे प्रमुख खरीदार रहा जिसने करीब 81 हजार टन का आयात किया। इसके बाद तुर्की दूसरे एवं संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) तीसरे नम्बर पर रहा जिसने कनाडा से क्रमश: 40,554 टन तथा 18,075 टन मसूर का आयात किया।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार पिछले सप्ताह कनाडा के बाजार में मसूर का भाव कुछ नरम पड़ गया क्योंकि इसके निर्यात की गति कुछ धीमी रही और ऑस्ट्रेलिया में नए माल की आवक शुरू होने से वैश्विक बाजार में आपूर्ति का दबाव बढ़ने लगा है।
यद्यपि ऑस्ट्रेलिया में मुख्यत: लाल मसूर का उत्पादन होता है लेकिन औसत बाजार भाव में नरमी आने का असर कनाडा में हरी मसूर की कीमतों पर भी देखा गया।
स्थानीय स्थानीय बाजार में लाल मसूर एवं मोटी हरी मसूर की कीमतों में अंतर बढ़त बढ़ गया था जिससे कारोबार पर असर पड़ने लगा था इसलिए जब लाल मसूर के दाम में गिरावट आ गई तब हरी मसूर का भाव भी कुछ नीचे आ गया।
ऑस्ट्रेलिया की सरकारी एजेंसी- अबारेस द्वारा 3 दिसम्बर 2024 को फसल उत्पादन का अनुमान जारी किए जाने की संभावना है।
समीक्षकों का कहना है कि अपनी नई रिपोर्ट में एजेंसी मसूर के घरेलू उत्पादन अनुमान में भारी कटौती कर सकती है। क्योंकि प्रमुख उत्पादक प्रांतों में प्रतिकूल मौसम से फसल को काफी क्षति हुई है।
