कनाडाई मटर बाजार में पुनः स्थिरता का माहौल
05-Feb-2026 09:01 PM
रेगिना। दो सप्ताह पूर्व यानी मध्य जनवरी में जब चीन की सरकार कनाडाई मटर के आयात पर लगे 100 प्रतिशत के सीमा शुल्क को घटाने पर सहमत हुई थी तब कनाडा में इस महत्वपूर्ण दलहन के दाम में उछाल आ गया था
लेकिन विशाल भारतीय स्टॉक एवं कमजोर वैश्विक मांग के कारण मटर बाजार में पुनः नरमी आने लगी और अब यह काफी हद तक स्थिर हो गया है। वैसे भी चीन में कनाडाई मटर के आयात पर लगे शुल्क में कटौती का निर्णय अगले महीने (मार्च) से प्रभावी होने वाला है।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार कनाडा के सभी प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान में पीली मटर का डिलीवरी मूल्य 8.00-8.30 डॉलर प्रति बुशेल और हरी मटर का कारोबारी भाव करीब 10.00-10.50 डॉलर प्रति बुशेल के बीच चल रहा है। मापले मटर का दाम कुछ नरम पढ़कर अब 11.00 से 13.00 डॉलर प्रति बुशेल की रेंज में आ गया है।
मटर की कीमतों में हाल के दिनों में थोड़ी नरमी आई है लेकिन फिर भी इसका दाम जनवरी के पहले -दूसरे सप्ताह की तुलना में कुछ ऊंचा है।
इससे कनाडा के किसानों को इसकी बिजाई में कटौती के लिए संभवतः विवश नहीं होना पड़ेगा। कुछ समीक्षकों का कहना है कि कनाडा में अप्रैल-मई में मटर की बिजाई जोर पकड़ने वाली है और इस बीच यदि चीन में संशोधित आयात शुल्क प्रभावी हो जाता है तो कीमतों में कुछ और सुधार आने की उम्मीद बन सकती है।
इससे मटर की खेती के प्रति किसानों का उत्साह एवं आकर्षण बरकरार रह सकता है। भारत में पीली मटर पर 30 प्रतिशत का आयात शुल्क लागू है और निकट भविष्य में इसमें कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है।
कनाडा में मटर का बकाया अधिशेष स्टॉक ऊंचा रह सकता है क्योंकि वहां इस बार उत्पादन शानदार हुआ मगर निर्यात प्रदर्शन उसकी तुलना में कमजोर देखा जा रहा है।
