Home News
13-Nov-2026 12:03 PM
कोच्चि। हालांकि चालू माह के दौरान प्रमुख उत्पादक मंडियों में कोपरा की आपूर्ति का कुछ अभाव महसूस किया जा रहा है लेकिन फिर भी नारियल तेल का भाव लगभग स्थिर बना हुआ है क्योंकि इसका अच्छा खासा स्टॉक अभी मौजूद है और इसकी मांग भी कुछ कमजोर पड़ गई है।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार आगामी समय में नारियल तेल की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति जटिल हो सकती है और अगले सीजन के नए माल (कोपरा) की जोरदार आवक शुरू होने से पूर्व इसकी कीमतों में कुछ तेजी आ सकती है।
कोचीन ऑयल मर्चेन्ट्स एसोसिएशन (कोमा) के अनुसार केरल के कोपरा एवं नारियल तेल बाजार में मिश्रित रुख देखा जा रहा है। वहां नारियल तेल का औसत भाव पिछले दिन 3 रुपए गिरकर 250 रुपए प्रति लीटर रह गया जबकि कोपरा का दाम 2 रुपए की वृद्धि के साथ 158 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया।
कांजेयम मंडी में नारियल तेल का मूल्य 208.50 रुपए प्रति किलो एवं कोपरा का मूल्य 151 रुपए प्रति किलो दर्ज किया गया। प्रोसेसिंग इकाइयों को पर्याप्त मात्रा में कोपरा का स्टॉक प्राप्त नहीं हो रहा है
और इसका दाम भी ऊंचा हो गया है इसलिए अगले वर्ष के आरंभ तक बाजार में तेजी-मजबूती पुनः वापस लौट सकती है। नारियल एवं कोपरा के उत्पादन का नया सीजन आरंभ होने वाला है।