कपास का घरेलू उत्पादन क्षेत्र 92.53 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा
20-Jul-2026 05:48 PM
नई दिल्ली। कुछ महत्वपूर्ण उत्पादक राज्यों में बिजाई की स्थिति सुधरने से राष्ट्रीय स्तर पर कपास का कुल उत्पादन क्षेत्र इस वर्ष 17 जुलाई तक 92.53 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा लेकिन फिर भी गत वर्ष की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 98.40 लाख हेक्टेयर से 5.87 लाख हेक्टेयर पीछे रह गया।
इससे पूर्व 10 जुलाई वाले सप्ताह में बिजाई क्षेत्र का अंतर 14.41 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया था जब इसका रकबा गत वर्ष के 93.95 लाख हेक्टेयर से घटकर 79.54 लाख हेक्टेयर रह गया था।
कपास की बिजाई का आदर्श समय विभिन्न राज्यों में तेजी से बीतता जा रहा है। उत्तरी राज्यों- पंजाब, हरियाणा एवं राजस्थान में बिजाई की प्रक्रिया लगभग समाप्त हो चुकी है। गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, कर्नाटक एवं तेलंगाना में भी बिजाई अंतिम चरण में पहुंच गई है।
उल्लेखनीय है कि चालू खरीफ सीजन के लिए कपास का पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 125.51 लाख हेक्टेयर आंका गया है जिसके मुकाबले वास्तविक रकबा करीब 33 लाख हेक्टेयर पीछे चल रहा है। इस अंतर को पाटना आसान नहीं होगा।
