मटर में सुस्त कारोबार- बिजाई बढ़ने की संभावना

23-Apr-2026 05:54 PM

रेगिना। कनाडा में मटर का बाजार शांत है। कमजोर कारोबार के कारण कीमतों में कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं देखा जा रहा है। उत्पादकों के पास इसका भारी-भरकम स्टॉक मौजूद है और नई फसल के लिए बिजाई भी शुरू हो गई है।

मटर के क्षेत्रफल में कुछ बढ़ोत्तरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। चीन में सीमा शुल्क हटने से कनाडाई मटर का आयात बढ़ने की उम्मीद की जा रही थी मगर बाजार को इसके लिए कठिन संघर्ष करना पड़ रहा है। इससे किसान कुछ दुविधा में हैं। 

भारत में पीली मटर का भाव नरम चल रहा है और चना की अच्छी आपूर्ति एवं उपलब्धता के कारण इसके आयात की रफ्तार भी धीमी देखी जा रही है। भारत में पीली मटर के आयात पर 30 प्रतिशत का सीमा शुल्क लागू है।

पश्चिमी कनाडा में पीली मटर का डिलीवरी मूल्य 8.50 डॉलर प्रति बुशेल के आसपास स्थिर बना हुआ है जबकि हरी मटर की कीमतों को 10 डॉलर प्रति बुशेल से ऊपर पहुंचने में सख्त प्रतिरोध का सामना करना पड़ रहा है।

मापले मटर का दाम जगह, किस्म एवं डिलीवरी अवधि के आधार पर 11 से 13 डॉलर प्रति बुशेल के बीच बताया जा रहा है। मटर की नई फसल अगस्त-सितम्बर में आएगी।