ओएमएसएस के तहत 14 जनवरी से गेहूं की बिक्री पुनः शुरू होने की संभावना
06-Jan-2026 03:36 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय एजेंसी- भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के अधिकारियों ने संकेत दिया है कि खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के अंतर्गत गेहूं की बिक्री के लिए ई-नीलामी की प्रक्रिया अगले सप्ताह से पुनः आरंभ की जा सकती है जिसे दिसम्बर में अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया था।
केन्द्रीय पूल में गेहूं का अच्छा खासा स्टॉक मौजूद है जबकि मार्च-अप्रैल से नई फसल की जोरदार आवक होने लगी थी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अगले सप्ताह बुधवार (14 जनवरी) से गेहूं के बिक्री के लिए ओएमएसएस दोबारा सक्रिय किए जाने की योजना बनाई गई है
पिछले सप्ताह दिल्ली में गेहूं का दाम बढ़कर 2930/2950 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया था। प्रमुख उत्पादक, राज्यों की थोक मंडियों में गेहूं की आवक कम हो रही है क्योंकि इसकी आपूर्ति का ऑफ कालीन सीजन चल रहा है।
हालांकि साप्ताहिक ई-नीलामी के अंतर्गत गेहूं के ऑफर की मात्रा अभी निर्धारित नहीं हुई है लेकिन समझा जाता है कि यह 2-3 लाख टन से अधिक हो सकती है। पहले भी 2 लाख टन की मात्रा नियत हुई थी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नीलामी की प्रक्रिया साप्ताहिक आधार पर आयोजित हो सकती है। खाद्य निगम ने 12 नवम्बर 2025 से गेहूं बिक्री के लिए नीलामी की प्रक्रिया आरंभ की थी और दो सप्ताह तक इसे जारी भी रखा
लेकिन ऑफर की तुलना में बिक्री काफी कम होने के कारण नीलामी को साप्तहिक से बदलकर पाक्षिक कर दिया गया। जब उसमें भी बिक्री नहीं बढ़ी तब नीलामी को स्थगित कर दिया गया।
एक अग्रणी संस्था- व्हीट प्रोडक्ट्स प्रोमोशन सोसायटी के चेयरमैन का कहना है कि टेंडर की अभिपुष्टि हो गई है और प्रत्येक बिडर के लिए गेहूं खरीद की अधिकतम मात्रा 250 टन से बढ़ाकर 400 टन नियत की जा सकती है। आगामी नीलामी के अंतर्गत गेहूं की बिक्री में कुछ बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है।
