पहली छमाही के दौरान मूंगफली एवं ग्वार गम के निर्यात में बढ़ोत्तरी

04-Nov-2024 07:39 PM

नई दिल्ली । केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अधीनस्थ निकाय- कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले साल के मुकाबले चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में भारत से मूंगफली तथा ग्वार गम का निर्यात प्रदर्शन बेहतर रहा।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अप्रैल-सितम्बर 2024 की छमाही में देश से करीब 2.88 लाख टन मूंगफली का निर्यात हुआ जो वर्ष 2023 की इस अवधि के शिपमेंट 2.55 लाख टन से 33 हजार टन ज्यादा रहा।

लेकिन औसत इकाई निर्यात ऑफर मूल्य नीचे रहने से मूंगफली की निर्यात आय पिछले साल के 34.60 करोड़ डॉलर से 50 लाख डॉलर या 1.4 प्रतिशत गिरकर चालू वर्ष में 34.10 करोड़ डॉलर पर अटक गई। 

लेकिन ग्वार गम के निर्यात में मात्रा एवं आमदनी- दोनों दृष्टि से बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। अप्रैल-सितम्बर 2023 में 2.16 लाख टन से कुछ अधिक ग्वार गम का निर्यात हुआ था जो अप्रैल-सितम्बर 2024 में सुधरकर 2.27 लाख टन पर पहुंच गया।

समीक्षाधीन अवधि के दौरान ग्वार गम की निर्यात आय भी 25.90 करोड़ डॉलर से 2.10 करोड़ डॉलर या 8.23 प्रतिशत बढ़कर 28 करोड़ डॉलर पर पहुंच गई। 

रबी कालीन मूंगफली के सहारे निर्यात प्रदर्शन में कुछ सुधार आया था। अब अक्टूबर 2024 से खरीफ कालीन माल आने लगा है इसलिए दूसरी छमाही में निर्यात कुछ और बेहतर होने की उम्मीद है।

ग्वार की नई फसल भी आ रही है जबकि ग्वार गम की वैश्विक निर्यात मांग मजबूत रहने के आसार हैं। दूसरी छमाही का प्रदर्शन बेहतर रहना है।