पहली तिमाही में म्यांमार से उड़द एवं तुवर के निर्यात में कमी

01-Apr-2026 04:54 PM

यंगून। म्यांमार से उड़द एवं तुवर सहित अन्य दलहनों का निर्यात नियमित रूप से जारी है और भारत इसका सबसे बड़ा खरीदार बना हुआ है। लेकिन पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष की पहली तिमाही के दौरान उड़द एवं तुवर का निर्यात कम हुआ है। 

व्यापारिक एवं निर्यातक संगठनों के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि वर्तमान कैलेंडर वर्ष की पहली तिमाही के दौरान म्यांमार से उड़द का कुल निर्यात 2,11,674 टन पर अटक गया जो गत वर्ष की समान अवधि के शिपमेंट से करीब 28 हजार टन कम रहा।

इसके तहत वर्ष 2025 के मुकाबले वर्ष 2026 के जनवरी में निर्यात 80,266 टन से सुधरकर 82,674 टन तथा फरवरी में 69,559 टन से बढ़कर 75,038 टन पर पहुंचा मगर मार्च में शिपमेंट 89,563 टन से घटकर 53,962 टन पर सिमट गया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 की सम्पूर्ण अवधि (जनवरी-दिसम्बर) के दौरान म्यांमार से कुल 8,46,084 टन उड़द का निर्यात हुआ था जो वर्ष 2024 के कुल शिपमेंट 9,03,526 टन से कम था। 

जहां तक तुवर का सवाल है तो म्यांमार से जनवरी-मार्च 2026 की तिमाही में इसका कुल निर्यात 69,185 टन पर पहुंच सका जो वर्ष 2025 की समान अवधि के शिपमेंट से करीब 7 हजार टन पीछे रह गया।

इसके तहत जनवरी में निर्यात 5606 टन से उछलकर 17,160 टन पर पहुंचा लेकिन फरवरी में 28,725 टन से गिरकर 24,756 टन तथा मार्च में 41,410 टन से घटकर 27,269 टन रह गया। भारतीय मांग कमजोर होने से मार्च में म्यांमार से उड़द एवं तुवर के निर्यात में भारी गिरावट दर्ज की गई।