पश्चिमी बंदरगाहों पर 5.66 लाख टन आयातित दलहनों का स्टॉक मौजूद

29-Oct-2025 10:41 AM

कांडला। देश के पश्चिमी प्रान्त- गुजरात के प्रमुख बंदरगाहों- कांडला, मूंदड़ा एवं हजीरा पर 28 अक्टूबर 2025 को विदेशों से आयातित कुल 5,66,857 टन (करीब 5.66 लाख टन) दलहनों का स्टॉक मौजूद था। उसमें 2,75,111 टन पीली मटर, 2,34,839 टन देसी चना तथा 56,907 टन मसूर का स्टॉक शामिल है। 

आई ग्रेन इंडिया द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार 28 अक्टूबर को कांडला बंदरगाह पर कुल 3.11 लाख टन दलहनों का स्टॉक उपलब्ध था जिसमें 1.43 लाख टन चना, 1.29 लाख टन मटर एवं 38,190 टन मसूर का स्टॉक सम्मिलित था।

इसी तरह मूंदड़ा बंदरगाह पर 91,582 टन चना, 89,945 टन मटर तथा 11,936 टन मसूर के साथ कुल 1.93 लाख टन दलहनों का स्टॉक मौजूद था।

इसके अलावा हजीरा बंदरगाह पर 56,013 टन मटर एवं 5781 टन मसूर के साथ कुल 61,794 टन दलहनों का स्टॉक उपलब्ध था। हजीरा बंदरगाह पर चना का स्टॉक नहीं है। 

भारत में पीली मटर का आयात मुख्यतः कनाडा एवं रूस से किया जाता है जबकि कनाडा एवं ऑस्ट्रेलिया से मसूर एवं ऑस्ट्रेलिया तथा अफ्रीका से देसी चना का आयात होता है।

मसूर एवं देसी चना के आयात पर 10-10 प्रतिशत का बुनियादी सीमा शुल्क लगा हुआ है जबकि पीली मटर का आयात 31 मार्च 2026 तक शुल्क मुक्त है। 

घरेलू प्रभाग में आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम रहने तथा कीमतों में स्थिरता या नरमी का माहौल होने से उपरोक्त दलहनों के आयात की गति गत वर्ष से काफी धीमी देखी जा रही है और सीमित मात्रा में इसे मंगाया जा रहा है।

वैश्विक बाजार में भी इन दलहनों के दाम में गिरावट आई है। भारत में इन तीनों दलहनों की बिजाई आरंभ हो चुका है और अगले साल की पहली तिमाही से इसके नए माल की आवक शुरू हो जाएगी।