सामान्य कारोबार के साथ कनाडा में मसूर का भाव मजबूत

05-Feb-2026 06:02 PM

सस्काटून। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में सामान्य कारोबार के साथ मसूर का भाव मजबूत बना हुआ है। खरीदार इसकी लिवाली में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। नंबर 2 क्वालिटी की बड़ी (मोटी) हरी मसूर का दाम फ्री ऑन बोर्ड फार्म आधार पर 26 सेंट प्रति पौंड दर्ज किया जा रहा है

और कुछ खरीदार अल्पकालीन अवधि की डिलीवरी के लिए इसकी खरीद कर रहे हैं। एक्स्ट्रा नंबर 3 बी मोटी हरी मसूर का भाव 22 सेंट प्रति पौंड के आसपास बताया जा रहा है और इसमें भी कुछ कारोबार होने की सूचना मिल रही है।

इसी तरह नम्बर 1 श्रेणी की छोटी हरी मसूर का मूल्य 20 सेंट प्रति पौंड पर स्थिर है और इसमें कारोबार कम हो रहा है। नम्बर 2 क्वालिटी की छोटी हरी मसूर का दाम इससे 3-4 सेंट नीचे यानी 16-17 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है। 

जहां तक लाल मसूर का सवाल है तो इसकी नंबर 2 क्वालिटी के माल का दाम 25 सेंट प्रति पौंड के आसपास चल रहा है जबकि नंबर वन श्रेणी की फ्रेंच हरी मसूर का मूल्य गिरकर फरवरी-मार्च डिलीवरी के लिए 21 सेंट प्रति पौंड रह गया है। 

कनाडा में मसूर की खेती अप्रैल से शुरू होगी और इसकी नई फसल अगस्त-सितम्बर में आएगी लेकिन उसकी खरीद बिक्री के लिए नया अनुबंध आरंभ हो गया है। इसके तहत हरी मंसूर एवं लालमिर्च मसूर की कीमतें क्वालिटी एवं श्रेणी के आधार पर अलग-अलग निर्धारण हो रही हैं।

आगामी समय में सौदों की संख्या बढ़ने की संभावना है। मसूर के कुल बिजाई क्षेत्र में थोड़ा-बहुत उतार-चढ़ाव आ सकता है।