साप्ताहिक समीक्षा- चीनी

22-Nov-2025 07:47 PM

मांग एवं आपूर्ति के अनुरूप चीनी के दाम में मिश्रित रुख

नई दिल्ली। हालांकि नवम्बर माह के लिए महज 20 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा जारी हुआ है मगर फिर भी इसके घरेलू बाजार मूल्य पर दबाव देखा जा रहा है। 15 से 21 नवम्बर वाले सप्ताह के दौरान मांग एवं आपूर्ति के अनुरूप चीनी के दाम में मिश्रित रुख देखा गया मगर बाजार पर तेजी के बजाए नरमी का ही वर्चस्व रहा। लग्नसरा का सीजन भी कीमतों को ऊपर उठाने में सफल नहीं हो सका। 
मिल डिलीवरी भाव 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी मूल्य में मिश्रित रुख देखा गया। इसमें पूर्वी उत्तर प्रदेश में 70 रुपए तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी रही मगर मध्य प्रदेश में 75 रुपए और बिहार में 85 रुपए प्रति क्विंटल की भारी गिरावट दर्ज की गई। गुजरात में भी 40 रुपए तक की नरमी रही जबकि पंजाब में भाव पिछले स्तर पर स्थिर रहा।
हाजिर भाव  
इसी तरह चीनी का हाजिर बाजार भाव दिल्ली में 75 रुपए बढ़कर 4400/4500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा लेकिन इंदौर में 50 रुपए गिरकर 4150/4250 रुपए प्रति क्विंटल तथा रायपुर में 100 रुपए घटकर 4130/4200 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। उधर चीनी का दाम कोलकाता में 4350/4420 रुपए प्रति क्विंटल तथा मुम्बई में 3880/4020 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर ही बरकरार रहा। इसके नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य में भी कोई बदलाव नहीं हुआ और यह 3830/3970 रुपए प्रति क्विंटल के बीच स्थिर बना रहा।
निर्यात / टेंडर  
लेकिन केन्द्र सरकार द्वारा 15 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति दिए जाने के बावजूद इसके टेंडर मूल्य में भारी गिरावट दर्ज की गई। महाराष्ट्र में टेंडर मूल्य 20-30 रुपए गिरकर 3680/3880 रुपए प्रति क्विंटल और कर्नाटक में 130-160 रुपए तक लुढ़ककर 3790/3870 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। महाराष्ट्र में चीनी का उत्पादन गत वर्ष की तुलना में इस बार तेजी से बढ़ रहा है जबकि अन्य प्रांतों में भी गन्ना की क्रशिंग आरंभ हो गई है।