साप्ताहिक समीक्षा- चीनी

14-Feb-2026 07:46 PM

कमजोर कारोबार से चीनी का भाव नरम

नई दिल्ली। आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम होने तथा मांग एवं उठाव कमजोर रहने से 7-13 फरवरी वाले सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी भाव, हाजिर बाजार मूल्य तथा टेंडर मूल्य में नरमी का माहौल देखा गया। हालांकि अब तापमान बढ़ने लगा है, होली का त्यौहार नजदीक आ रहा है और सरकार ने निर्यात कोटा को 5 लाख टन बढ़ा दिया है जिससे चीनी के दाम में आगे कुछ मजबूती आने की उम्मीद की जा रही है लेकिन तत्काल इसमें जोरदार इजाफा होना मुश्किल लगता है। 28 दिनों वाले फरवरी माह के लिए 22.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा जारी हुआ है जो बाजार पर दबाव डाल रहा है। 
डिलीवरी भाव 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी मूल्य में पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश एवं पंजाब में कोई बदलाव नहीं हुआ मगर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 रुपए, मध्य प्रदेश में 15 रुपए, बिहार में 60 रुपए तथा गुजरात में 10 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। इन प्रांतों में चीनी का मिल डिलीवरी मूल्य 3910 से 4475 रुपए प्रति क्विंटल के बीच दर्ज किया गया जबकि गुजरात में यह 3795 से 4080 रुपए प्रति क्विंटल के बीच रहा। 
हाजिर भाव 
जहां तक चीनी के हाजिर बाजार भाव का सवाल है तो यह दिल्ली में 4300/4475 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा मगर इंदौर में 20 रुपए गिरकर 4080/4180 रुपए प्रति क्विंटल और रायपुर में 50 रुपए घटकर 4080/4150 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। हालांकि कोलकाता में चीनी का दाम 70 रुपए तक की भारी वृद्धि के साथ 4250/4400 रुपए प्रति क्विंटल हो गया लेकिन मुम्बई (वाशी) में 20 रुपए नरम पड़कर 3850/4050 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। चीनी का नाकपोर्ट डिलीवरी मूल्य भी 20 रुपए गिरकर 3800/4000 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया।
टेंडर 
महाराष्ट्र में चीनी के टेंडर मूल्य में 50 से 75 रुपए प्रति क्विंटल तक की जोरदार गिरावट आई जबकि कर्नाटक में भी यह 55 रुपए प्रति क्विंटल तक घट गया। इन दोनों प्रांतों के मिलर्स को काफी नीचे दाम पर अपनी चीनी बेचने के लिए विवश होना पड़ रहा है।