साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली

22-Nov-2025 07:57 PM

भारी आवक के बावजूद मजबूत मांग से मूंगफली का भाव तेज 

नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में मूंगफली के नए खरीफ कालीन माल की आपूर्ति बढ़ती जा रही है और गुजरात में 7263 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किसानों से इसकी भारी खरीद की जा रही है। इससे मंडी भाव को समर्थन मिल रहा है। 19 नवम्बर तक गुजरात में 1.62 लाख टन मूंगफली की सरकारी खरीद हो चुकी थी। 
आवक 
15-21 नवम्बर के सप्ताह के गोंडल एवं राजकोट में मूंगफली की उच्चतम दैनिक आवक बढ़कर 70 हजार बोरी पर पहुं  गई जबकि खरीदारों की मजबूत मांग के कारण राजकोट में इसका दाम 500 रुपए बढ़कर ऊंचे में 7500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
उत्तर प्रदेश 
इसी तरह मूंगफली का दाम बीकानेर में 400 रुपए बढ़कर 5600 रुपए प्रति क्विंटल तथा सोलापुर में 200 रुपए सुधरकर 7000 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। उत्तर प्रदेश की मंडियों में भी कीमतें तेज रहीं। वहीं मूंगफली का भाव झांसी में 400 रुपए बढ़कर 5000/6000 रुपए प्रति क्विंटल, महोबा में 300 रुपए सुधरकर 5200/5800 रुपए प्रति क्विंटल तथा मऊरानीपुर में 700 रुपए उछलकर 5000/6200 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। उत्तर प्रदेश की मंडियों में मूंगफली की भारी आवक होने लगी है। झांसी में दैनिक आवक 25 हजार बोरी से ऊपर पहुंच गई। 
मूंगफली दाना 
छिलका रहित मूंगफली के दाने में भी शानदार कारोबार हुआ जिससे बीकानेर में इसके दाम में 600-700 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि दर्ज की गई। इसी तरह इसका दाम सोलापुर में 300 से 800 रुपए प्रति क्विंटल तथा नागपुर में 400 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ गया। क्रशर्स- प्रोसेसर्स एवं निर्यातक इसकी खरीद में अच्छी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
मूंगफली तेल 
मूंगफली का भाव तेज होने से लूज रूप में मूंगफली तेल का दाम भी गुजरात के रजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जामनगर में 50 रुपए की वृद्धि के साथ 1500 रुपए प्रति 10 किलो  हो गया। इसके साथ-साथ अहमदाबाद,मुम्बई , बीकानेर, नेवाई / टोंक तथा चेन्नई में भी कीमतों में 5-10 रुपए प्रति 10 किलो का सुधार दर्ज किया गया। 
ब्रांडेड तेल / डीओसी 
लेकिन कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल का दाम 2350  रुपए प्रति टीन (15 किलो) पर स्थिर रहा। फिल्टर्ड तेल में कुछ उतार-चढ़ाव देखा गया। मूंगफली डीओसी में कहीं 500 रुपए प्रति टन की तेजी तो कहीं इतनी ही नरमी दर्ज की गई।