साप्ताहिक समीक्षा-धान-चावल

03-May-2025 08:28 PM

सीमित आवक एवं सामान्य कारोबार से धान-चावल के दाम में कुछ सुधार  

नई दिल्ली। बेशक केन्द्र सरकार के पास चावल और धान का अच्छा खासा स्टॉक मौजूद है लेकिन भारतीय चावल की निर्यात मांग सुधरने से मंडियों में मिलर्स एवं निर्यातकों द्वारा धान की अच्छी खरीद की जाने लगी है। वैसे भी सरकारी एजेंसियां खुली मंडियों में बासमती धान की खरीद नहीं करती है क्योंकि इसका कोई न्यूतनम समर्थन मूल्य निर्धारित नहीं होता है। सामान्य श्रेणी के धान की खरीद कालीन फसल पहले ही आ चुकी है और अब कुछ राज्यों में रबी कालीन धान के नए माल की आपूर्ति शुरू हो गई है। इसकी सरकारी खरीद भी होने लगी है। 
आवक 
26 अप्रैल से 2 मई वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में 7 से 14 हजार बोरी के बीच धान की औसत दैनिक आवक हुई और सामान्य कारोबार के बीच इसका भाव कुछ मजबूत रहा। 1121 धान का दाम 220 रुपए उछलकर 4300 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। इसके अलावा 1509 हैण्ड 1718  तथा ताज धान के दाम में भी थोड़ी बहुत तेजी रही। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 3000/3500 बोरी धान की रोजाना आपूर्ति हुई और वहां इसकी कीमतों में 50 से 200 रुपए प्रति क्विंटल तक का इजाफा दर्ज किया गया। कीमतों की यही स्थिति डिबाई में भी देखी गई। 
राजस्थान 
उधर राजस्थान की बूंदी मंडी में 6 से 12 हजार बोरी धान की औसत दैनिक आवक हुई और वहां कीमतों में 50-75 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार देखा गया। कोटा में भी कुछ किस्मों के धान की कीमत 100 रुपए तेज रही जबकि वहां दैनिक आवक 3 से 6 हजार बोरी के बीच हुई। महाराष्ट्र के गोंदिया में 3000 हजार बोरी धान की दैनिक आवक हुई मगर कीमतों में स्थिरता बनी रही।
चावल 
जहां तक चावल का सवाल है तो अमृतसर में 1121 सेला चावल में निर्यातकों की अच्छी मांग रही  जिससे इसका भाव 200 रुपए बढ़कर 8100/8200 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। वहां अन्य श्रेणियों एवं किस्मों के चावल में भी अच्छा कारोबार हुआ जिससे इसके दाम में 50 से 250 रुपए प्रति क्विंटल तक बढ़ोत्तरी हो गई। बासमती चावल का निर्यात प्रदर्शन पिछले साल की भांति इस वर्ष भी अच्छा चल रहा है।
उत्तराखंड 
उत्तराखंड की नगर मंडी में कुछ किस्मों के चावल के मूल्य में 100 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा हुआ। वहां भी लिवाली अच्छी हुई। राजस्थान की बूंदी मंडी में सुगंधा एवं 1509 चावल के दाम में 150-150 रुपए तथा 1718 सेला के दाम में 225 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई।
दिल्ली 
दिल्ली के नया बाजार में अच्छी ग्राहकी निकलने से लगभग सभी किस्मों एवं श्रेणियों के चावल के मूल्य में 100 से 400 रुपए प्रति क्विंटल तक की बढ़ोत्तरी हुई। सुगंधा सेला का दाम 400 रुपए बढ़कर 5000/5300 रुपए तथा 1718 सेला का भाव 300 रुपए बढ़कर 5900/6100 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।