सितम्बर में कनाडा से मटर एवं काबुली चना के निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी
06-Nov-2024 04:03 PM
वैंकुवर । नए माल की आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ने तथा आयातक देशों में मांग मजबूत रहने से सितम्बर में कनाडाई मटर एवं काबुली चना का निर्यात प्रदर्शन अगस्त की तुलना में बेहतर रहा।
सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन के आंकड़ों से पता चलता है कि चालू मार्केटिंग सीजन के शुरूआती दो महीनों में यानी अगस्त-सितम्बर के दौरान कनाडा से करीब 6.36 लाख टन मटर का निर्यात हुआ जो पिछले माह के इन्हीं महीनों के शिपमेंट 5.40 लाख टन से काफी अधिक रहा।
सितम्बर 2024 में कनाडा से मटर का सर्वाधिक 3.53 लाख टन निर्यात भारत को किया गया। इसके बाद चीन को 2.27 लाख टन तथा क्यूबा को 15 हजार टन का शिपमेंट हुआ। भारत में सिर्फ पीली मटर का आयात होता है।
जहां तक काबुली चना का सवाल है तो कनाडा से अगस्त के मुकाबले सितम्बर में इसका निर्यात 7819 टन से 59 प्रतिशत उछलकर 12,405 टन पर पहुंचा।
इसमें से तुर्की ने सबसे ज्यादा 2427 टन तथा इटली ने 1967 टन का आयात किया जबकि भारत 1717 टन के आयात के साथ तीसरे नम्बर पर रहा।
अगस्त-सितम्बर 2024 के दो महीनों के दौरान कनाडा से कुल 20,224 टन काबुली चना का निर्यात हो सका जो वर्ष 2023 की समान अवधि के शिपमेंट 27,852 टन से काफी कम रहा।
दरअसल अगस्त का निर्यात प्रदर्शन इस बार अच्छा नहीं था। आगामी समय में इसमें सुधार आने की उम्मीद की जा रही है। मटर का निर्यात प्रदर्शन कुछ कमजोर रहने की संभावना है।
