श्रीलंका में 10 जनवरी तक चावल के आयात की स्वीकृति

24-Dec-2024 11:57 AM

कोलम्बो । श्रीलंका सरकार ने अंततः प्राइवेट आयातकों को 10 जनवरी 2025 तक विदेशों से चावल मंगाने की अनुमति प्रदान कर दी। पिछले दिन केन्द्रीय मंत्रिमंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक में इस आशय के एक प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह के अंत में कस्टम विभाग ने कहा था कि जब तक सरकारी राजपत्र (गजट) में विधिवत अधिसूचना जारी नहीं होती है तब तक चावल का आयात स्थगित रहेगा।

दरअसल श्रीलंका सरकार द्वारा प्रथम चरण के दौरान 20 दिसम्बर 2024 तक आयातकों को चावल मंगाने की अनुमति दी गई थी और इसकी समय सीमा समाप्त होने के बाद आयात को रोक दिया गया। प्रथम चरण के दौरान श्रीलंका में लगभग 67 हजार टन चावल का आयात मुख्यत: भारत से किया गया। 

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार चावल आयात के लिए जिस परमिट की समय सीमा 20 दिसम्बर को समाप्त हो गई थी अब उसे 10 जनवरी 2025 तक के लिए वैध कर दिया गया है। इससे व्यापारियों को चावल मंगाने में कोई कठिनाई नहीं होगी। 

20 दिसम्बर तक वहां जिस 67 हजार टन चावल का आयात हुआ उसमें 28,500 टन कच्चा (सफेद) चावल तथा 38,500 टन नाडु चावल शामिल था।

कस्टम विभाग के अनुसार चावल के इस आयात से सीमा शुल्क के रूप में 4.30 अरब रुपए (श्रीलंकाई मुद्रा) का राजस्व प्राप्त हुआ।

यह चावल भारत से मंगाया गया था। श्रीलंका में उत्पादन घटने की संभावना से चावल का भाव बढ़ गया है इसलिए इसका आयात जारी रखने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।